अकवान तूफान से फसलों को भारी नुकसान, किसानों को मुआवजा देने सीएम को सिंहदेव ने लिखा पत्र,धान खरीदी की समय-सीमा 15 फरवरी तक बढ़ाने और फसल बीमा क्लेम का तत्काल भुगतान करने की मांग

Uncategorized

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के कारण प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। उन्होंने प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने, धान खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाने और फसल बीमा क्लेम का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।मुख्यमंत्री को 23 नवंबर को भेजे गए पत्र में सिंहदेव ने कहा है कि 18 नवंबर और उसके बाद दो-तीन दिनों तक हुई बेमौसम बारिश एवं खराब मौसम के कारण प्रदेश के कई इलाकों में धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में खड़ी फसल के साथ-साथ कटाई के बाद खेतों और खलिहानों में मिंजाई के लिए रखे गए धान के भीगने से खराब होने की स्थिति बनी है। उन्होंने कहा कि धान प्रदेश के अधिकांश किसानों के परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार है। ऐसे में प्राकृतिक आपदा ने किसानों को गंभीर आर्थिक संकट में डाल दिया है।

नुकसान का नए सिरे से आकलन और मुआवजे की मांगसिंहदेव ने पत्र में बताया कि तूफान आने तक धान की फसल की केवल 30 प्रतिशत कटाई-मिंजाई हो पाई थी, जबकि लगभग 70 प्रतिशत खड़ी फसल प्रभावित हुई है। किसानों से मिली जानकारी के अनुसार विभागीय स्तर पर नुकसान का आकलन शून्य दर्शाया जा रहा है, जो वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाता। उन्होंने निष्पक्ष सर्वेक्षण कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।15 फरवरी तक बढ़े धान खरीदी की समय-सीमापूर्व उपमुख्यमंत्री ने धान खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 फरवरी करने की मांग की है।

उन्होंने इसके पीछे पटवारी हड़ताल, उपार्जन केंद्रों में फड़ गीले होने और खरीफ नीति के तहत 17 प्रतिशत तक नमी वाले धान की खरीदी की बाध्यता को प्रमुख कारण बताया है। इसके अलावा एग्रीस्टैक (AgriStack) पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) में हुई त्रुटियों के कारण भी आगामी पखवाड़े में धान खरीदी प्रभावित होने की आशंका जताई है।सब्जी उत्पादक किसानों को भी मिले मुआवजासिंहदेव ने कहा कि तूफान से केवल धान ही नहीं, बल्कि सब्जियों की खेती करने वाले किसानों को भी नुकसान हुआ है। टमाटर, गोभी वर्गीय सब्जियां, खीरा और लौकी जैसी उद्यानिकी फसलें भी प्रभावित हुई हैं। उन्होंने शासन से इन फसलों का तत्काल मूल्यांकन कराकर उद्यानिकी किसानों को भी मुआवजा देने की मांग की है।

फसल बीमा क्लेम के भुगतान में तेजी लाने की मांगपत्र में फसल बीमा योजना के तहत किसानों को राहत दिलाने के लिए भी सरकार से हस्तक्षेप की मांग की गई है। सिंहदेव ने कहा कि कई जिलों में निजी फसल बीमा कंपनियों के दबाव में कृषि भूमि को असिंचित रकबा मानकर बीमित किया गया है। उन्होंने ‘अकवान’ तूफान से हुए नुकसान की भरपाई के लिए शासन स्तर पर तत्काल पहल करने और बिना किसी दबाव के किसानों को उनकी उत्पादन लागत के मूल्य तक का बीमा क्लेम दिलाने की मांग की है।सिंहदेव ने मुख्यमंत्री से संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल निर्देशित करने का आग्रह किया है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का वास्तविक आकलन हो सके, पीड़ित किसानों को क्षतिपूर्ति मिल सके और प्राकृतिक परिस्थितियों के मद्देनजर धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने के साथ सभी पात्र किसानों को फसल बीमा क्लेम का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *