रायपुर, 20 नवंबर 2026। राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने घर की अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी डॉ. स्नेहिल दीवान 18 नवंबर को परिवार के साथ वाराणसी गए थे। इस दौरान उन्होंने घर में ताला लगा रखा था। 20 नवंबर को वापस लौटने पर घर में चोरी होने का पता चला। घर के बाहरी गेट पर ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। जांच करने पर अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ मिला, जिसमें रखे सोने की चेन, चांदी के बेलपत्र, नकदी और अन्य सामान गायब थे।

मामले की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 527/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर श्याम सोना (22), निवासी मौलीपारा, शाम बाजार, तेलीबांधा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। उसने चोरी का सामान घर की छत पर सीढ़ियों के पास छिपाकर रखना बताया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सोने की चेन, चांदी के 12 बेलपत्र, 89 हजार 495 रुपये नकद और सब्जी काटने का चाकू बरामद कर जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई डीसीपी मध्य जोन तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विवेक पाण्डेय के दिशा-निर्देशन तथा एसीपी सिविल लाइन रमाकांत साहू के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में थाना तेलीबांधा के एसआई चंद्र कुमार, प्रधान आरक्षक राम नारायण पटेल, आरक्षक विंध्यराज और आरक्षक मंजीत का विशेष योगदान रहा।