रायपुर/सक्ती, 20 नवंबर। सोशल मीडिया पर नाबालिग से संबंधित अश्लील सामग्री अपलोड करने के मामले में सक्ती पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान राजेन्द्र कुमार मिरी उर्फ गजालाल मिरी (30 वर्ष), निवासी ग्राम बड़े देवगांव, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला वर्ष 2022 का है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत एनसीआरबी की साइबर टिपलाइन से प्राप्त शिकायत में फेसबुक के माध्यम से महिला एवं बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री अपलोड किए जाने की जानकारी सामने आई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की।

जांच के दौरान 27 अक्टूबर 2022 के फेसबुक लॉगिन रिकॉर्ड, आईपी एड्रेस और मोबाइल टावर लोकेशन का विश्लेषण किया गया। संबंधित सेवा प्रदाता कंपनी से जानकारी जुटाने के बाद घटना के समय आईपी एड्रेस की लोकेशन ग्राम देवरमाल, तहसील सक्ती के आसपास मिली। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की।इस मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 130/2024 के तहत आईटी एक्ट की धारा 67(बी), आईपीसी की धारा 201 और पॉक्सो एक्ट की धारा 15(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
लगातार बदल रहा था लोकेशन, पुलिस ने तकनीकी जांच से पकड़ा
पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार रहकर अपना ठिकाना बदल रहा था। सक्ती पुलिस की टीम तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के माध्यम से उसकी तलाश में जुटी थी। आखिरकार 19 नवंबर 2026 को पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस ने की।
सक्ती पुलिस की अपील:-
पुलिस ने आम नागरिकों से सोशल मीडिया पर नाबालिग बच्चों से संबंधित अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री अपलोड और साझा नहीं करने की अपील की है। साइबर अपराध की शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी थाने में दर्ज कराने की सलाह दी है।