रायपुर। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच टी-20 सीरीज के तीन मुकाबले खेले जाएंगे। 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को होने वाले इन अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य सेवाओं और दर्शकों की सुविधाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य सचिव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग को सभी संबंधित विभागों और आयोजक संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। मैचों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
ई-टिकट से प्रवेश, स्टेडियम में मिलेगी वाई-फाई सुविधा
दर्शकों की सुविधा के लिए टिकटों का वितरण ऑनलाइन किया जाएगा। ई-टिकट की स्कैनिंग और स्टेडियम में प्रवेश को आसान बनाने के लिए परिसर में ओपन वाई-फाई की व्यवस्था की जाएगी। टिकटों पर स्टेडियम का पूरा नाम ‘शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर’ स्पष्ट रूप से अंकित रहेगा।
स्टेडियम के भीतर खाद्य सामग्री और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास उपलब्ध कराए जाएंगे। स्टेडियम परिसर और सभी पार्किंग स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
सुरक्षा, ट्रैफिक और आपातकालीन सेवाओं पर फोकस
मैचों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी पुलिस विभाग, एनआरडीए, सीएससीएस और बीसीसीआई के समन्वय से संभाली जाएगी। स्टेडियम में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए सीएसपीडीसीएल और ऊर्जा विभाग को आवश्यक इंतजाम करने होंगे।
स्वास्थ्य विभाग नजदीकी अस्पतालों की मैपिंग करेगा। साथ ही स्टेडियम में एंबुलेंस तैनात रहेगी, ताकि आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। आपातकालीन उपचार और वीवीआईपी आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग भी निर्धारित किया गया है।
मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी बीएसएनएल को दी गई है। वहीं, गृह एवं अग्निशमन विभाग को फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी और आपातकालीन आवागमन के लिए मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर की अध्यक्षता में बनी स्थानीय सहायता समिति
मैचों के सफल आयोजन और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी गठित की गई है। इसमें रायपुर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के यशवंत कुमार, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, जनसंपर्क संचालक आशीष टिकरिया और पर्यटन विभाग के एमडी सौमिल रंजन चौबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
अंतरराष्ट्रीय महिला टी-20 सीरीज के इन मुकाबलों के लिए प्रशासन का जोर दर्शकों की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और सभी जरूरी सेवाओं को समय पर तैयार रखने पर है।