रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के नॉर्थ जोन पुलिस ने अपहरण के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 12 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अहरौरा क्षेत्र से हिरासत में लिया है। आरोपियों द्वारा वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद प्रतीक राय को जबरदस्ती अपने साथ उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे खमतराई थाना क्षेत्र के डीएम टावर, रांवाभाठा निवासी अनिता राय ने अपने पति प्रतीक राय के घर नहीं लौटने और मोबाइल बंद होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस ने तत्काल घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।

CCTV फुटेज के विश्लेषण में सामने आया कि उसी दिन दोपहर करीब 2:28 बजे काले रंग की UP पासिंग स्कॉर्पियो में सवार तीन अज्ञात व्यक्ति प्रतीक राय को जबरदस्ती अपने साथ ले गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में खमतराई पुलिस ने वाहन की तकनीकी सर्विलांस के जरिए लगातार ट्रैकिंग शुरू की।
CCTV से मिली कड़ी, तकनीकी सर्विलांस से UP तक पहुंची पुलिस
वाहन के उत्तर प्रदेश की ओर जाने की जानकारी मिलने के बाद रायपुर पुलिस ने तत्काल अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय स्थापित किया। थाना अहरौरा, जिला मिर्जापुर पुलिस को वाहन की लोकेशन और संभावित रूट की जानकारी साझा की गई। इसके साथ ही चौपन, रॉबर्ट्सगंज समेत रास्ते में आने वाले अन्य पुलिस थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट कर संभावित मार्गों पर नाकाबंदी और चेकिंग शुरू कराई गई।
रायपुर पुलिस की ओर से लगातार साझा की जा रही तकनीकी और टोल संबंधी जानकारी के आधार पर संबंधित पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहन की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी।
अहरौरा में स्कॉर्पियो रोककर तीन आरोपी हिरासत में
लगातार ट्रैकिंग और नाकाबंदी के बाद अहरौरा पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया। वाहन में सवार तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद सामने आया है। आरोपियों द्वारा प्रतीक राय को जबरदस्ती अपने साथ उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था।
हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान अभय सिंह (28), बृहस्पत देव सिंह (27) और आदर्श सिंह (24) के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के निवासी बताए गए हैं।रायपुर पुलिस की टीम आरोपियों को विधिवत कार्रवाई के लिए उत्तर प्रदेश से रायपुर लाने के लिए रवाना हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद करीब 12 घंटे के भीतर CCTV फुटेज, तकनीकी सर्विलांस, वाहन की लोकेशन, टोल संबंधी जानकारी और अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय के जरिए मामले की कड़ी जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।इस कार्रवाई में खमतराई थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।