रायपुर। असम प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता भूपेश बघेल द्वारा काले झंडे दिखाए जाने और उनके काफिले पर हमले के आरोप लगाए जाने के बाद भाजपा ने प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रवक्ता अनुराग अग्रवाल ने घटना की निंदा करते हुए पूरे मामले की जांच की बात कही है।
अनुराग अग्रवाल ने कहा कि भूपेश बघेल राजनीति के अनुभवी नेता हैं। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले जब भूपेश बघेल पंजाब के प्रभारी थे, तब वहां कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों द्वारा भी उन्हें काले झंडे दिखाए गए थे और ‘गो बैक’ के नारे लगाए गए थे।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि असम की घटना को लेकर भूपेश बघेल भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं, लेकिन वास्तव में घटना के पीछे कौन था, यह जांच का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि घटना के पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं।
अग्रवाल ने भूपेश बघेल के आरोपों को लेकर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक स्टंट होने की संभावना भी जताई। हालांकि, इस संबंध में अंतिम तथ्य जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे।