रायगढ़। वार्ड में हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे पार्षद पर नशे में धुत युवक ने कथित तौर पर धारदार लोहे की वस्तु से हमला कर दिया। आरोपी ने पार्षद के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। हमले में पार्षद के सिर पर चोट आई है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। जूटमिल पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना 12 सितंबर की रात करीब 9:45 बजे की है। वार्ड क्रमांक 36 राजीव गांधी नगर के पार्षद विजय चौहान जूटमिल पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर जा रहे थे। इसी दौरान पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के पास कुछ युवकों के बीच मारपीट होते देख वे विवाद शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे।बताया गया कि वहां कमल सारथी कुछ लोगों के साथ मारपीट कर रहा था। पार्षद विजय चौहान ने उसे झगड़ा करने से मना किया तो वह कथित तौर पर भड़क गया। आरोपी ने पार्षद से गाली-गलौज करते हुए कहा कि तुम बीच में क्यों आ रहे हो, वार्ड के पार्षद बनते हो। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी ने हाथ में रखी लोहे की धारदार वस्तु से पार्षद के सिर पर वार कर दिया।हमले में पार्षद को चोट आई।

घटना के बाद उनके पिता ने थाना जूटमिल पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।मामले की गंभीरता को देखते हुए जूटमिल पुलिस ने अपराध क्रमांक 541/2026 के तहत धारा 109(1), 115(2), 296 और 351(3) बीएनएस में अपराध दर्ज किया है। आरोपी कमल सारथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने देर रात कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह फरार मिला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।एसएसपी ने कहा- कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को नहीं बख्शेंगेएसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि विवाद शांत कराने पहुंचे जनप्रतिनिधि के साथ मारपीट गंभीर मामला है। ऐसे मामलों में पुलिस आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई करेगी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।w