जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के तैराकों ने लहराया परचम, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने पदक विजेताओं का किया सम्मान

Uncategorized

रायपुर :13 सितंबरजूनियर एवं सब-जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप में देश भर में प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले होनहार तैराकों ने आज रायपुर सांसद एवं छत्तीसगढ़ स्विमिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल से सौजन्य मुलाकात की। राष्ट्रीय स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाली शिवांगिनी पांडे और गौरव राज सहित पूरे प्रतिभागी दल का सांसद अग्रवाल ने गर्मजोशी से स्वागत किया और मुंह मीठा कराकर उन्हें उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हमारे बेटे-बेटियों ने राष्ट्रीय मंच पर पदक जीतकर यह साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभा किसी से कम नहीं है। सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन रंग लाई है। उन्होंने पदक विजेताओं को बधाई देने के साथ ही अन्य प्रतिभागी खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण अनुभव और जज्बा होता है; अगली बार यह दल और अधिक पदक जीतकर लौटेगा।

प्रदेश में तैराकी के बुनियादी ढांचे को मिलेगा विस्तार :-

मुलाकात के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ छत्तीसगढ़ में वाटर स्पोर्ट्स और तैराकी को बढ़ावा देने पर गंभीर चर्चा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं और आधुनिक प्रशिक्षण दिलाने के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय स्तर के सर्वसुविधायुक्त स्विमिंग पूल के निर्माण, नियमित कोचिंग कैंप और खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी, जिससे हमारे तैराक ओलंपिक और एशियाई खेलों जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तिरंगा लहरा सकें।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्विमिंग एसोसिएशन के सचिव साही राम जाखड़, संयुक्त सचिव सुमन मुथा, कार्यकारी अध्यक्ष गोपाल खंडेलवाल, कोच एवं प्रदेशभर से आए संघ के वरिष्ठ पदाधिकारीगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *