रायपुर : रायपुर के रावतपुरा फेस-2 स्थित गुरुजी ज्वेलर्स में चोरी के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। सराफा कारोबारी निमाई डिंडा ने पुलिस पर चोरी गए जेवरों की पूरी मात्रा दर्ज नहीं करने का आरोप लगाते हुए पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत की है। कारोबारी का दावा है कि उसकी दुकान से करीब 8 किलो चांदी के जेवर, करीब 6 ग्राम सोने के जेवर और 22 हजार रुपये नकद चोरी हुए थे, लेकिन पुलिस ने कथित तौर पर केवल 4 किलो चांदी के जेवर की चोरी दर्ज की।कमिश्नर को दी गई शिकायत के मुताबिक, 9 अगस्त 2026 की रात दुकान की दीवार तोड़कर चोर अंदर घुसे और दुकान में रखे सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना कारोबारी ने 10 अगस्त को टिकरापारा थाना पुलिस को दी। शिकायत में कहा गया है कि दुकान से लगभग 8 किलो चांदी के जेवर, करीब 6 ग्राम सोने के जेवर और 22 हजार रुपये नकद चोरी हुए थे।कारोबारी का आरोप है कि उसने पुलिस को चोरी की पूरी जानकारी दी थी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज करते समय केवल 4 किलो चांदी के जेवर की चोरी दर्ज की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि चोरी हुए जेवरों से संबंधित बिल पुलिस को उपलब्ध कराया गया था। कारोबारी के अनुसार, बिल के आधार पर संशोधित प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही गई थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।शिकायतकर्ता ने कहा कि वह छोटा सराफा कारोबारी है और छोटी-सी दुकान के माध्यम से अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। चोरी की घटना से उसका परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान है। उसने पुलिस कमिश्नर से मामले की जांच कराकर चोरी गए सामान की वास्तविक मात्रा के अनुसार कार्रवाई और रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।अब इस शिकायत के बाद सवाल उठ रहा है कि आखिर चोरी हुए जेवरों की वास्तविक मात्रा कितनी थी और पुलिस की रिपोर्ट में कथित तौर पर कम मात्रा क्यों दर्ज की गई? कारोबारी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।