राजनांदगांव, 20 अगस्त 2026। पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव ने रेंज के अंतर्गत आने वाले जिलों के यातायात नोडल अधिकारियों एवं प्रभारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली। बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने मोटरयान अधिनियम के उल्लंघन पर कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। हिट एंड रन के मामलों में संलिप्त वाहनों और आरोपियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई करने के साथ ही बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

स्कूल बसों एवं वैन की फिटनेस, सीसीटीवी कैमरा, स्पीड गवर्नर और मेडिकल किट की जांच के साथ चालक एवं परिचालक के स्वास्थ्य परीक्षण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित जानकारी को iRAD ऐप में तत्काल दर्ज करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।2
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ऐसे स्थान जहां बार-बार सड़क हादसे हो रहे हैं, उनकी पहचान कर वहां की कमियों को दूर करने के लिए संबंधित विभागों, विशेषकर PWD एवं NHAI के साथ समन्वय कर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए। इंटरसेप्टर वाहन की सहायता से ओवर स्पीडिंग और ड्रंकन ड्राइविंग के विरुद्ध अधिक प्रभावी चालानी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की बात कही। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता वाधवानी, राजनांदगांव से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, कबीरधाम से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमचंद सिदार, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से उप पुलिस अधीक्षक नेहा पवार, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई से उप पुलिस अधीक्षक रमेश चन्द्रा सहित राजनांदगांव रेंज के विभिन्न जिलों के यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरतन कश्यप, निरीक्षक महेश ध्रुव और सहायक उप निरीक्षक शेषनारायण देवांगन उपस्थित रहे।