महादेव सट्टा कनेक्शन: EBIX मालिक विकास गर्ग 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल, ED की पूछताछ में कई बड़े खुलासे

Uncategorized

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार EBIX कंपनी के मालिक विकास गर्ग को 10 दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को विशेष PMLA कोर्ट में पेश किया। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।सूत्रों के अनुसार, 10 दिनों की पूछताछ के दौरान ED को कई अहम जानकारियां मिली हैं। जांच में महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के कथित संचालक सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल से विकास गर्ग के करीबी संबंधों के संकेत मिलने की बात सामने आई है।

साथ ही दोनों आरोपियों और उनकी पत्नियों के बैंक खातों में धनराशि जमा कराने से जुड़े दस्तावेजी साक्ष्य भी जांच एजेंसी को मिले हैं।जांच में यह भी सामने आने का दावा किया जा रहा है कि महादेव ऑनलाइन सट्टे से अर्जित कथित काली कमाई को वैध धन (व्हाइट मनी) में बदलने के लिए वित्तीय लेनदेन का इस्तेमाल किया गया।

पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर ED ने कई लोगों को PMLA की धारा 50 के तहत नोटिस जारी किए हैं।सूत्रों का कहना है कि पूछताछ में हुए खुलासों के आधार पर ED जल्द ही इस मामले में कुछ और लोगों के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी कर सकती है।

इधर, विकास गर्ग को कोर्ट लाए जाने के दौरान उनके साथ मौजूद लोगों ने उन्हें तौलिये से ढककर मीडिया कैमरों से बचाने की कोशिश की।इस दौरान मीडिया कर्मियों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की भी जानकारी सामने आई है।

ED की ओर से इन दावों पर आधिकारिक विस्तृत बयान सार्वजनिक होने का इंतजार है। जांच जारी है और मामले में आगे और खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *