रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “Bintang Adipurna of the Republic of Indonesia” से अलंकृत किए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पूरे देश के लिए गौरव का क्षण बताया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, प्रभावी कूटनीति और भारत-इंडोनेशिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उनके प्रयासों की अंतरराष्ट्रीय मान्यता है।
उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो द्वारा जकार्ता में प्रदान किया गया यह सम्मान दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों को और अधिक मजबूत करने की दिशा में प्रधानमंत्री मोदी के योगदान का सम्मान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा, व्यापार, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा और क्षेत्रीय सहयोग जैसे अनेक क्षेत्रों में भारत और इंडोनेशिया के रिश्तों को नई मजबूती मिली है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक साख लगातार मजबूत हो रही है और देश विश्व मंच पर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।