रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। लगातार दूसरे दिन भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश जारी है। राजधानी रायपुर समेत कई शहरों की निचली बस्तियां जलमग्न हो गई हैं और कई घरों में पानी घुसने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।रेड अलर्ट के तहत रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत 8 जिलों में तेज आंधी, बिजली गिरने और मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, बेमेतरा और बालोद में अगले कुछ घंटों तक मौसम बेहद खराब रहने की संभावना जताई गई है।
ऑरेंज अलर्ट अंबिकापुर, कोरिया, कोरबा, रायगढ़, राजनांदगांव सहित 14 जिलों के लिए जारी किया गया है, जहां गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश होने के आसार हैं।इसके अलावा येलो अलर्ट के तहत बस्तर संभाग के नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की गई है।मौसम विभाग ने नागरिकों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की सलाह दी है।
लगातार हो रही बारिश और आंधी-तूफान के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।