छत्तीसगढ़ : बिलासपुर जिला 5 दिसंबर को सकरी शराब भट्टी के पास एक अज्ञात युवक की लाश मिली थी। उसके सिर पर चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। एएसपी विजय अग्रवाल व डीएसपी क्राइम ब्रांच प्रवीणचंद्र राय ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए जिले व नजदीकी जिलों के थानों में इसकी सूचना व फोटो भेजी। 6 दिसंबर को बेमेतरा के नवागढ़ तहसील के झाल ग्राम से मृतक के परिजन पहुंचे और उन्होंने बताया कि यह लाश झाल निवासी बीरबल यादव की है, जो पिछले दो माह से देवरीकला तखतपुर में एक डेयरी में काम कर रहा है।
डेयरी मालिक से पूछताछ पर पता चला कि मृतक बीरबल 4 दिसंबर को घर जाने के नाम पर तीन हजार रुपए ले गया था। मृतक के पास मोबाइल फोन भी था। घटनास्थल से ये दोनों नहीं मिली थी। इस दौरान पता चला कि झाल निवासी बलदाऊ साहू के संपर्क में मृतक रहा करता था। डेयरी मालिक को मृतक बीरबल ने बलदाउ साहू का ही नंबर जरुरत में काम आने के लिए दे रखा था। पुलिस झाल पहुंच कर बलदाऊ साहू को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ के बाद उसने सिलसिलेवार घटना का खुलासा किया। उसने बताया कि मृतक बीरबल उसका दोस्त था।
बीरबल लगातार बलदाऊ की पत्नी से बात करता था। आरोपी को संदेह था कि उसकी पत्नी के साथ उसका अवैध संबंध है। इसलिए उसने बीरबल की हत्या की योजना बनाई। 4 दिसंबर को मोटरसाइकिल से वह सकरी पहुंचा। उसे लेकर शराब भट्टी गया, जहां दोनों ने शराब पी। नशे में आने के बाद आरोपी ने लोहे की रॉड से उसकी हत्या कर दी और वापस लौट गया। बीरबल का मोबाइल फोन तथा नगद मिले 700 रुपये को उसने अपने घर के छत पर ले जाकर छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कत्ल की गुत्थी सुलझाने मेंं सफलता हासिल की।