रायपुर। नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर जारी राजनीतिक घमासान के बीच भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर निम्न स्तरीय राजनीति कर रही है और भोले-भाले ग्रामीणों को गुमराह कर आंदोलन के लिए उकसा रही है।
उन्होंने कांग्रेस को “पीडीएफ यानी पर्दा डालो फोर्स” बताते हुए कहा कि पार्टी गरीबों की नहीं, बल्कि अपने करीबियों के हितों की चिंता करती है।डॉ. मार्कण्डेय ने दावा किया कि नकटी का पूरा मामला वर्ष 2020 में तत्कालीन भूपेश सरकार के समय शुरू हुआ, जब हाउसिंग बोर्ड की आवासीय परियोजना के लिए भूमि चिन्हित की गई थी।

उनके अनुसार, जैसे ही कॉलोनी बनने की जानकारी सार्वजनिक हुई, 2022-23 में बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे शुरू हो गए।उन्होंने कहा कि जहां गरीबों को नियमानुसार ढाई डिसमिल भूमि दी जाती है, वहीं कई लोगों ने 10 से 20 हजार वर्गफीट तक सरकारी जमीन पर कब्जा कर लाखों रुपये के मकान और बाड़ियां बना लीं।भाजपा नेता ने कहा कि नकटी नया रायपुर क्षेत्र के तीसरे विकास चरण का गांव है और वहां नियोजित विकास होना है।
उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या वह पूरे प्रदेश में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे का समर्थन करती है?डॉ. मार्कण्डेय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में सरकारी जमीनों की बिक्री के लिए नोटिफिकेशन जारी किया गया था, जिसे बाद में हाईकोर्ट ने निरस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब अपनी पुरानी गलतियों पर पर्दा डालने के लिए भाजपा सरकार पर आरोप लगा रही है।भाजपा नेता ने कहा कि भाजपा सरकार ने कार्रवाई से पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था की।
उनके मुताबिक 29 जून को 61 परिवारों को नया रायपुर के सेक्टर-30 में आवास आवंटित कर चाबियां सौंपी गईं, जिसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। उन्होंने दावा किया कि प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान लोगों के जरूरी सामान को नुकसान नहीं पहुंचने दिया।वहीं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पूरे नकटी गांव को नहीं तोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि गांव के 17 वार्डों में से केवल एक वार्ड, जहां सरकारी भूमि पर अतिक्रमण था, वहीं कार्रवाई की गई।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिस आवासीय परियोजना को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है, वह केवल विधायकों के लिए नहीं, बल्कि अधिकारी-कर्मचारियों सहित सामूहिक आवास योजना का हिस्सा है।भाजपा ने आरोप लगाया कि जनहित के मुद्दों पर विफल रही कांग्रेस अब झूठा नैरेटिव बनाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार संवेदनशीलता के साथ जनहित में कार्य कर रही है।