कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन का सख्त संदेश: “राजस्व मामलों में अब नहीं चलेगी लापरवाही, समयसीमा में करें निराकरण”

Uncategorized

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में राजस्व कार्यों में तेजी लाने के लिए कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने शुक्रवार को अधिकारियों की कड़ी समीक्षा बैठक ली। कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित बैठक में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अविवादित नामांतरण और अविवादित बंटवारे का एक भी मामला लंबित नहीं रहना चाहिए।कलेक्टर ने सीमांकन, नामांतरण, फौती नामांतरण, बंटवारा, त्रुटि सुधार, स्वामित्व योजना, वनाधिकार पत्र, नक्शा बटांकन और भूमि आबंटन सहित सभी राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों में तेजी लाने और आम नागरिकों को बिना अनावश्यक देरी के राहत देने पर जोर दिया।

बैठक के दौरान एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसान पंजीयन में जिले की बेहतर प्रगति पर कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी जनता से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान करना है और हाल के दिनों में सीमांकन, फौती नामांतरण, बंटवारा और त्रुटि सुधार के मामलों के निपटारे में सुधार देखने को मिला है।

समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आधार प्रविष्टि, अभिलेख शुद्धता, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, भू-अर्जन मुआवजा, बकाया राजस्व वसूली, अतिक्रमण हटाने, आरबीसी 6-4 के तहत आर्थिक सहायता, उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरण और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के मामलों की भी समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों का समयसीमा के भीतर निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में अपर कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, एसडीएम विक्रांत अंचल, एसडीएम देवेन्द्र सिरमौर, डिप्टी कलेक्टर अमित बेक सहित जिले के सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार, अधीक्षक भू-अभिलेख और राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *