सीए और डॉक्टर्स डे पर कैट का सम्मान समारोह, सीए अमित चिमनानी सहित छह हस्तियां सम्मानित

Uncategorized

रायपुर। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने सीए डे और डॉक्टर्स डे के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में चिकित्सा और वित्तीय क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं तथा प्रदेश और देश के विकास में योगदान देने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।समारोह में सीए अमित चिमनानी, सीए जी.एस. अग्रवाल, सीए अभिषेक महावर, डॉ. कालड़ा, डॉ. सुशील जैन और डॉ. निखिल मोतीरमानी को सम्मानित किया गया। कैट ने सीए अमित चिमनानी को देश और प्रदेश के विकास में उनके योगदान के लिए विशेष सम्मान भी प्रदान किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीए अमित चिमनानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति व्यापारियों और उद्यमियों के लिए अनेक अवसर लेकर आई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकसित होने का सबसे अधिक लाभ व्यापारिक समुदाय को मिलेगा, इसलिए व्यापारियों को इन संभावनाओं के प्रति जागरूक होना होगा।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रतनपुर स्थित महामाया मंदिर, डोंगरगढ़ के बम्लेश्वरी मंदिर, दंतेवाड़ा के दंतेश्वरी मंदिर, सक्ती-चांपा के चंद्रहासिनी मंदिर और सरगुजा के कुदरगढ़ स्थित बागेश्वरी देवी मंदिर के कायाकल्प पर 50-50 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। वहीं, भोरमदेव मंदिर क्षेत्र के विकास के लिए 150 करोड़ रुपये की परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं।

सीए चिमनानी ने बताया कि प्रदेश में 400 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक फिल्म सिटी बनाई जा रही है। वहीं, बस्तर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लागू होम-स्टे नीति के तहत अपने घर को पर्यटकों के ठहरने के लिए उपलब्ध कराने वाले स्थानीय लोगों को एक लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ का सर्विस सेक्टर तेजी से विकसित होगा। ऐसे में व्यापारियों को इन उभरते अवसरों की पहचान कर अपने व्यवसाय का विस्तार करने के साथ प्रदेश के विकास में भी भागीदारी निभानी चाहिए।कार्यक्रम के अंत में कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर पारवानी, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, युवा विंग अध्यक्ष अवनीत सिंह और पूरी टीम का आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *