राजनांदगांव। जिले में अवैध सट्टा, शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बसंतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सट्टा खिलाते दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,700 रुपये नगद, दो सट्टा-पट्टी, दो डॉट पेन और एक वीवो मोबाइल फोन जब्त किया है।पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (आईपीएस) के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (आईपीएस) के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि बसंतपुर थाना क्षेत्र के बंगाली चाल स्थित सोनू पान ठेला के पास दो व्यक्ति रुपये का दांव लगवाकर सट्टा-पट्टी लिख रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी और दोनों आरोपियों को सट्टा लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष यादव उर्फ सोनू (32) और रविन्द्र कुमार साहू उर्फ जड्डू (24), दोनों निवासी बंगाली चाल, वार्ड क्रमांक-43, राजनांदगांव के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,700 रुपये नकद, दो सट्टा-पट्टी, दो डॉट पेन और एक वीवो मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया। इस मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 306/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 एवं 7 के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध सट्टा, शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनमोहन साहू, आरक्षक रूपेन्द्र वर्मा, राजेश बंदेश्वर सहित थाना बसंतपुर के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।