रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रवक्ता दाऊ अनुराग अग्रवाल ने कांग्रेस के तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि प्रशिक्षण वर्ग के आयोजन के लिए जिला अध्यक्षों से सहयोग राशि मांगे जाने पर कांग्रेस के भीतर भारी असंतोष व्याप्त है और संगठन के कई पदाधिकारी इस व्यवस्था से नाराज हैं।दाऊ अनुराग अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस के जिला अध्यक्षों का सवाल है कि जब राज्य में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार थी, तब कथित भ्रष्टाचार से अर्जित धन का लाभ मंत्रिमंडल और सत्ता के करीबी लोगों को मिला। अब जब संगठनात्मक कार्यक्रमों के लिए धन की आवश्यकता है तो वही नेता आगे आकर जिम्मेदारी निभाने से पीछे क्यों हट रहे हैं।भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में जिन नेताओं और उनके सहयोगियों ने भ्रष्टाचार के जरिए संपत्ति और धन अर्जित किया, उन्हें ही संगठन के कार्यक्रमों का खर्च उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर के पदाधिकारियों पर आर्थिक बोझ डालना कांग्रेस नेतृत्व की विफलता और आंतरिक अव्यवस्था को दर्शाता है।अग्रवाल ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का प्रशिक्षण वर्ग शुरू होने से पहले ही पार्टी में आर्थिक योगदान को लेकर खींचतान और असंतोष सामने आ गया है, जिससे संगठन की वास्तविक स्थिति उजागर हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले अपने नेताओं से जवाब मांगे कि सत्ता में रहते हुए जिन लोगों ने लाभ उठाया, वे अब संगठन के लिए योगदान देने से क्यों बच रहे हैं।भाजपा ने इसे कांग्रेस के भीतर बढ़ती गुटबाजी और नेतृत्व संकट का संकेत बताते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी स्वयं अपने नेतृत्व के फैसलों पर सवाल खड़े कर रहे हैं।