रायगढ़। सोशल मीडिया के जरिए हुई पहचान का फायदा उठाकर एक विवाहित महिला का वर्षों तक शारीरिक और आर्थिक शोषण करने वाले आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम बंजारी से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामला कोतरारोड़ थाना क्षेत्र की 33 वर्षीय महिला से जुड़ा है। पीड़िता ने महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई कि वह आरोपी अनिल ईजारदार को स्कूल समय से जानती थी। वर्ष 2019 में फेसबुक के माध्यम से दोनों फिर संपर्क में आए और मोबाइल व व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई।पीड़िता के अनुसार 25 दिसंबर 2020 को वह चंद्रपुर बस स्टैंड में अपने ससुराल जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और वाहन से छोड़ने की बात कहकर उसे अपनी कार में बैठा लिया। आरोप है कि आरोपी उसे गांव के पास खेत की ओर ले गया, जहां कार में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया और चोरी-छिपे वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।इसके बाद आरोपी अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला को लगातार ब्लैकमेल करता रहा। बदनामी के डर से पीड़िता आरोपी के दबाव में रही और आरोपी लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
महिला ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने 25 दिसंबर 2020 से 24 मई 2026 तक धमकी और दबाव बनाकर उसका शोषण किया तथा जेवरात और नगदी मिलाकर करीब 35 लाख रुपये की अवैध वसूली की।पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी की प्रताड़ना से वह मानसिक रूप से इतनी परेशान हो चुकी थी कि उसने आत्महत्या तक करने का विचार बना लिया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(m), 351(3) एवं 308(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल ईजारदार (32 वर्ष) निवासी ग्राम बंजारी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार क्रमांक CG 13 Y 8772 तथा मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव, प्रधान आरक्षक संदीप भगत तथा आरक्षक राज सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान या दोस्ती का गलत फायदा उठाकर यदि कोई व्यक्ति डराए, धमकाए, ब्लैकमेल करे या शोषण करे तो तत्काल पुलिस से संपर्क करें।