रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब से होने वाली कमाई को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है और अब शराब से होने वाली कमाई पर इतराकर जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है।धनेंद्र साहू ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राजस्व मंत्री लखन लाल देवांगन का हालिया बयान भाजपा सरकार की “नीति और नीयत” दोनों को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वयं स्वीकार कर रही है कि आबकारी विभाग और शराब बिक्री से राज्य को ₹10,500 करोड़ से अधिक का राजस्व मिला है और इसी रकम से “महतारी वंदन योजना” जैसी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है।

उन्होंने इसे “बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक” बताते हुए कहा कि जिस भाजपा ने सत्ता में आने से पहले शराबबंदी के नाम पर बड़े-बड़े वादे किए, वही आज शराब कारोबार को बढ़ावा देने में लगी हुई है। साहू ने आरोप लगाया कि प्रदेश में नई शराब दुकानों का उद्घाटन खुद भाजपा नेता कर रहे हैं और शराब बिक्री को राजस्व का बड़ा माध्यम बनाकर प्रचारित किया जा रहा है।कांग्रेस नेता ने कहा कि पहले शराब खरीदने की एक तय सीमा होती थी ताकि नशे पर नियंत्रण रखा जा सके, लेकिन वर्तमान सरकार ने राजस्व बढ़ाने के लिए यह सीमा खत्म कर दी। इससे प्रदेश में नशे की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि आज प्रदेशभर में वैध और अवैध दोनों तरह की शराब बिक्री चरम पर है तथा अधिकांश दुकानों में ओवररेटिंग कर आम लोगों से खुलेआम ज्यादा पैसे वसूले जा रहे हैं।धनेंद्र साहू ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद सरकार और संबंधित अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार स्वयं अवैध बिक्री और ओवररेटिंग को संरक्षण दे रही है।युवाओं के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए साहू ने कहा कि रोजगार के अवसर नहीं मिलने से प्रदेश का युवा वर्ग निराशा और हताशा का शिकार हो रहा है। बड़ी संख्या में युवा नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी बर्बादी से होने वाली कमाई पर अपनी आर्थिक व्यवस्था चला रही है।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा सरकार शराब की “काली कमाई” पर इतराना बंद करे और तत्काल अपनी नीतियों में बदलाव लाए। साथ ही शराब दुकानों में ओवररेटिंग और अवैध बिक्री पर सख्त कार्रवाई करे, अन्यथा प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।