बसना में भक्ति का महासागर: भागवत कथा में झूम उठे विधायक डॉ. संपत अग्रवाल, साध्वी राधिका किशोरी की कथा से भावविभोर हुआ जनसैलाब

Uncategorized

बसना। महासमुंद जिले के बसना स्थित मंडी प्रांगण इन दिनों पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। यहां आयोजित भव्य श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह में श्रद्धा, भक्ति और अध्यात्म का ऐसा संगम देखने को मिल रहा है, जिसने पूरे क्षेत्र को कृष्णमय बना दिया है। कथा के दौरान उस वक्त माहौल और भी भावुक हो गया, जब क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल भक्ति रस में इतने लीन हो गए कि वे खुद को रोक नहीं पाए और भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालुओं के साथ झूम उठे।

सुप्रसिद्ध कथावाचिका साध्वी राधिका किशोरी के मुखारविंद से निकली श्रीकृष्ण लीला और ज्ञानमयी प्रसंगों ने कथा पंडाल में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे ही संगीतमय भजनों की प्रस्तुति शुरू हुई, पूरा मंडी प्रांगण “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से गूंज उठा। इसी बीच विधायक डॉ. संपत अग्रवाल भी भक्ति के रंग में रंग गए और आम श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर भजनों पर थिरकने लगे। विधायक का यह सहज और भक्तिमय अंदाज लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया।

“भागवत कथा जीवन जीने की कला सिखाती है” – डॉ. संपत अग्रवाल

कार्यक्रम में पहुंचकर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने व्यास पीठ एवं भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि “श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली दिव्य ऊर्जा है। कथा श्रवण से मनुष्य के पापों का नाश होता है और उसे मानसिक शांति प्राप्त होती है।”

मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक ने कहा कि आज की भागदौड़ और तनावभरी जिंदगी में भागवत कथा किसी संजीवनी बूटी से कम नहीं है। उन्होंने युवाओं से सनातन संस्कृति और भारतीय संस्कारों से जुड़े रहने की अपील भी की।

हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, भक्तिमय माहौल ने बांधा समां

भागवत कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने आयोजन को भव्यता प्रदान की। कथा स्थल पर महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों का भारी जनसैलाब उमड़ा। आयोजन में वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश अग्रवाल, जिला पंचायत महासमुंद की सभापति रामदुलारी सिन्हा, जनपद पंचायत बसना के उपाध्यक्ष मोहित पटेल, सभापति प्रकाश सिन्हा, सीताराम सिन्हा, आयोजक प्रमोद अग्रवाल, विधायक निज सचिव नरेंद्र बोरे, अजय अग्रवाल, विकास अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, सोहन पटेल, युवा मोर्चा गढ़फूलझर के उपाध्यक्ष प्रमित साहू, अभिमन्यु जायसवाल, प्रदीप दास राजन, शिवकिशोर साहू, सुशील अग्रवाल, ईश्वर चंद्र, रामू अग्रवाल सहित देवसरिया परिवार और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

भक्ति, संगीत और अध्यात्म के इस अद्भुत संगम ने बसना में ऐसा माहौल बना दिया, मानो पूरा मंडी प्रांगण ही वृंदावन धाम में बदल गया हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *