“मनखे-मनखे एक समान” के संदेश के साथ सामाजिक समरसता का भव्य आयोजन, पदयात्रियों और पत्रकारों का हुआ सम्मान

Uncategorized

रायपुर। परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी के मानवता, समानता और सामाजिक समरसता के संदेश “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा के पदयात्रियों, सेवाभावी कार्यकर्ताओं एवं पत्रकारों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन रायपुर स्थित मेकाहारा मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम राजागुरु एवं धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब के सानिध्य तथा कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के नेतृत्व में संपन्न हुआ।कार्यक्रम में 18 से 22 फरवरी तक रायपुर से गिरौदपुरी धाम तक आयोजित विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा में शामिल पदयात्रियों, आयोजन से जुड़े सेवाभावी स्टाफ, कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर गुरु बालदास साहेब ने कहा कि समाज को एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता के सूत्र में बांधना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने बाबा गुरु घासीदास जी के संदेश को मानवता, सत्य और समानता का संदेश बताते हुए समाज को संगठित होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया

वहीं सतधारी गुरु गुरु सोमेश बाबा ने कहा कि सतनाम सद्भाव पदयात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और मानवता का महाअभियान है। उन्होंने युवाओं से बाबा गुरु घासीदास जी के विचारों को आत्मसात कर समाज सेवा और सामाजिक जागरूकता के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के उत्थान और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी का संदेश आज भी समाज को एकता, समानता और मानवता के सूत्र में जोड़ने का कार्य कर रहा है।कार्यक्रम में आयोजन को सफल बनाने वाले स्टाफ, सहयोगियों और कार्यकर्ताओं के समर्पण, सेवा भावना और अथक परिश्रम की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि सभी ने दिन-रात मेहनत कर इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।पत्रकारों के सम्मान समारोह में वक्ताओं ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि मीडिया समाज में सकारात्मक सोच, जागरूकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सामाजिक समरसता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में पत्रकारों के योगदान की भी सराहना की गई।

कार्यक्रम में रोहित साहू, अंजय शुक्ला, प्रमोद शर्मा, श्याम नारंग, नवीन अग्रवाल, आनंद मीरी सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, अखिल भारतीय सतनाम सेना के सदस्य, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय सतनाम सेना एवं समस्त सतनामी समाज की सक्रिय और महत्वपूर्ण सहभागिता रही, जिसने सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के संदेश को और अधिक सशक्त बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *