सूरजपुर। जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रतापपुर पुलिस ने डीजल चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए ढाबा संचालक और टैंकर चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 950 लीटर डीजल, दो टैंकर, एक स्कॉर्पियो वाहन और चोरी में इस्तेमाल किए गए उपकरण जब्त किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी चालक फरार है, जिसकी तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 22 मई 2026 की रात थाना प्रतापपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दुरती स्थित अन्नपूर्णा ढाबा में दो टैंकरों से अवैध रूप से डीजल निकाला जा रहा है।जानकारी के मुताबिक, टैंकर क्रमांक WB 78-5226 और NL 06 A 9129 मुगलसराय से लगभग 24-24 हजार लीटर डीजल लेकर उड़ीसा जा रहे थे। आरोप है कि ढाबा संचालक रविकांत यादव और टैंकर चालकों ने मिलकर टैंकर के ऑयल टैंक को काटकर डीजल चोरी करना शुरू कर दिया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अन्नपूर्णा ढाबा में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान ढाबे के पीछे बने कमरे से 200 लीटर क्षमता वाले चार ड्रम, कई प्लास्टिक जरीकेन और अन्य पात्रों में भरा कुल 950 लीटर डीजल बरामद किया गया। जब्त डीजल की कीमत लगभग 93 हजार 100 रुपये बताई गई है।पुलिस ने मौके से लोहे की छड़, प्लास्टिक पाइप, डीजल मापने का पात्र, कंटेनर में लगने वाले लोहे के कम्पाट, कटिंग मशीन और चोरी में प्रयुक्त अन्य उपकरण भी बरामद किए। इसके अलावा दोनों टैंकर और एक काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन को भी कब्जे में लिया गया।
मामले में थाना प्रतापपुर में अपराध क्रमांक 151/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 316(3), 316(5) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने ढाबा संचालक रविकांत कुमार यादव और टैंकर चालक सलीम रहमान खान को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं दूसरे टैंकर का चालक सलमान पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।