ऑपरेशन तलाश में बड़ी सफलता: 4 साल बाद मां-बेटे का सुराग, पुलिस ने वीडियो कॉल से कराया मिलान

Uncategorized

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। वर्ष 2021 से लापता एक महिला और उसके 9 वर्षीय बेटे का आखिरकार पता लगा लिया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 दिसंबर 2021 को थाना अंबागढ़ चौकी में गुमशुदगी दर्ज हुई थी, जिसमें हेमलता रावटे (30 वर्ष) अपने छोटे बेटे झनकार रावटे (9 वर्ष) के साथ घर से बिना बताए चली गई थीं। पति सूर्यकांत रावटे ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस लगातार परिजनों और रिश्तेदारों के संपर्क में रहकर खोजबीन करती रही। लंबे समय तक चले प्रयासों के बाद आखिरकार पुलिस ने मां-बेटे का पता लगा लिया।पुलिस के अनुसार, महिला बालिग है और उसने स्वेच्छा से अपने पति के साथ नहीं रहने की इच्छा जताई। साथ ही उसने अपने और बेटे के पालन-पोषण की जिम्मेदारी खुद उठाने की बात कही। महिला थाना आने या पति से मिलने के लिए भी तैयार नहीं हुई।ऐसे में पुलिस ने तकनीक का सहारा लेते हुए वीडियो कॉल के जरिए महिला और उसके बेटे की पहचान कराई, जिसमें गवाहों के सामने पति और परिजनों से बातचीत कराकर दोनों को दस्तयाब माना गया।यह पूरी कार्रवाई राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत की गई।इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर पटेल और एसडीओपी ताजेश्वर दीवान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अश्वनी राठौर की टीम ने अहम भूमिका निभाई।

इस सफलता में महिला प्रधान आरक्षक पदमनी सेन और साइबर सेल मोहला का विशेष योगदान रहा।

खास बात:चार साल बाद भी पुलिस की लगातार कोशिशों ने यह साबित कर दिया कि गुमशुदा मामलों में धैर्य और तकनीक का सही उपयोग बड़े परिणाम दे सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *