रायपुर : 15मार्च 2026।रायपुर एयरपोर्ट पर फर्जी आधार कार्ड के सहारे फ्लाइट में यात्रा करने का प्रयास करने वाले एक युवक को सुरक्षा जांच के दौरान पकड़ लिया गया। आरोपी दूसरे व्यक्ति के नाम से जारी टिकट पर रायपुर से इंदौर जाने की कोशिश कर रहा था।मिली जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति द्वारा स्नेहल राजू भाई पटेल के नाम से जारी एयर टिकट पर रायपुर से इंदौर जाने के लिए फ्लाइट में यात्रा करने का प्रयास किया जा रहा था।

एयरपोर्ट पर नियमित सुरक्षा जांच के दौरान प्रस्तुत किए गए आधार कार्ड पर संदेह होने पर जब उसकी गहन जांच की गई, तो वह कूटरचित (फर्जी) पाया गया।जांच में सामने आया कि आरोपी कुलदीप सिंघल ने स्नेहल राजू भाई पटेल के आधार कार्ड में अपना फोटो लगाकर फर्जी आधार कार्ड तैयार किया था। इसी फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल कर वह स्नेहल राजू भाई पटेल के नाम से जारी एयर टिकट पर यात्रा करने की कोशिश कर रहा था।सुरक्षा जांच के दौरान संदेह होने पर उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।पुलिस के अनुसार आरोपी कुलदीप सिंघल, निवासी 109 श्रद्धा श्री कॉलोनी, बरपानी धाम, थाना विजय नगर, जिला इंदौर (मध्यप्रदेश) का रहने वाला है। उसका वर्तमान पता कृष्णा एवेन्यू फेस-1, लिम्बोदी, खंडवा रोड, थाना तेजाजी नगर, जिला इंदौर (मध्यप्रदेश) बताया गया है।पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने में आरोपी के साथ किसी अन्य व्यक्ति की भी संलिप्तता तो नहीं है।