पीएमश्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय खरसिया में जिला स्तरीय राष्ट्रीय गणित एवं विज्ञान दिवस का भव्य आयोजन

Uncategorized

खरसिया, 28 फरवरी 2026।पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, खरसिया में राष्ट्रीय गणित दिवस एवं राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का जिला स्तरीय आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. के. वी. राव एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी एल. एन. पटेल ने बीआरसीसी खरसिया प्रदीप साहू की उपस्थिति में माता सरस्वती के तेल चित्र पर पूजा-अर्चना कर किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में विकासखंड शिक्षा अधिकारी एल. एन. पटेल ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि 28 फरवरी का दिन विज्ञान के क्षेत्र में भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि का प्रतीक है।

जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. के. वी. राव ने अपने प्रेरक उद्बोधन में विद्यार्थियों को विज्ञान और गणित की जटिल समस्याओं के सरल समाधान के उपाय बताए तथा तार्किक सोच विकसित करने पर जोर दिया।जिले भर से आए लगभग 100 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर विज्ञान प्रश्न मंच, विज्ञान मेला, विज्ञान आधारित पोस्टर व रंगोली प्रतियोगिता तथा गणितीय मॉडलों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता ने उपस्थित जनों को प्रभावित किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

जिला समन्वयक कमलेश कुमार पटेल ने कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने महान वैज्ञानिक C. V. Raman द्वारा 28 फरवरी 1928 को की गई ‘रमन प्रभाव’ की ऐतिहासिक खोज का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इसी खोज के लिए डॉ. रमन को वर्ष 1930 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वर्ष 1987 से प्रतिवर्ष 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है।

कार्यक्रम में प्राचार्य नवागांव आनंद पटेल, प्राचार्य सोनबरसा डी. आर. पटेल, व्याख्याता लाभेश दर्शन, रजनी दर्शन, ज्योति नायक, ज्योति पटेल, महेंद्र राठौर, युवराज सिंह राज सहित अन्य शिक्षकों एवं निर्णायकों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।जिला समन्वयक ने बताया कि यह आयोजन मुख्य रूप से Chhattisgarh Council of Science and Technology, रायपुर द्वारा आयोजित किया जाता है, जिसकी फंडिंग राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी विभाग के माध्यम से की जाती है।अंत में विद्यालय के प्राचार्य आर्य नागवंशी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।

पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और वैज्ञानिक सोच के प्रति जागरूकता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *