रायपुर : खरोरा। दिनांक 24 फरवरी 2025 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कनकी स्थित देवांगन चिकन सेंटर (मुर्गा दुकान) में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना की तस्दीक हेतु थाना खरोरा पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की।कार्रवाई के दौरान आरोपी तोरन देवांगन, पिता स्व. सदल देवांगन, उम्र 42 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 20 शांतिनगर केसला, थाना खरोरा, जिला रायपुर को पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में भरे 82 पौवा ‘शोले’ कंपनी की देशी मसाला मदिरा (प्रत्येक पौवा 180 मि.ली.) सीलबंद अवस्था में बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 14 लीटर 760 मि.ली. आंकी गई, जिसकी कीमत 8,200 रुपये बताई गई। साथ ही बिक्री से प्राप्त 700 रुपये नगद भी जब्त किए गए। इस प्रकार कुल 8,900 रुपये की सामग्री गवाहों के समक्ष जब्त की गई।पुलिस द्वारा आरोपी को शराब रखने एवं बिक्री संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु नोटिस दिया गया, किंतु वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी का कृत्य धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई तथा आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।