रायपुर/कोरिया, 24 फरवरी 2026।कोरिया जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसीबी/ईओडब्ल्यू की टीम ने उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक को रिश्वत प्रकरण में गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारियों पर प्रार्थी से केस रफा-दफा करने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सत्येंद्र कुमार प्रजापति के घर निर्माण के लिए ईंट बनाने का कार्य चल रहा था। इस दौरान खुदाई किए गए गड्ढे में पानी भर जाने से एक मजदूर के बेटे की डूबने से मृत्यु हो गई थी। मामले की जांच के दौरान चौकी बचरापोड़ी में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक गुरु प्रसाद यादव ने प्रार्थी को आपराधिक प्रकरण में न फंसाने और केस खत्म करने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।शिकायत के सत्यापन के बाद 22 फरवरी को 25 हजार रुपये लेने पर सहमति बनी।

बाद में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ ने प्रार्थी को 24 फरवरी को चौकी बुलाया। एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।मामले में सहायक उप निरीक्षक गुरु प्रसाद यादव को भी रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 एवं 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।एसीबी अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।