बलौदा बाजार : बार-नवापारा अभ्यारण्य में चीतल की मौत, विभाग मौन — जिम्मेदारों पर उठे सवाल।छत्तीसगढ़ के जिला बलौदा बाजार वन मंडल बलौदा बाजार के बार-नवापारा अभ्यारण्य क्षेत्र से बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है, अभ्यारण्य के मुख्य कार्यालय और वन परिक्षेत्र कार्यालय से महज 3 किलोमीटर दूर सड़क किनारे एक चीतल मृत अवस्था में कई दिनों से पड़ा रहा, लेकिन वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी।


राहगीरों को जब दुर्गंध आई तो उन्होंने गाड़ी रोककर देखा तो एक चीतल मृत अवस्था में सड़-गल रहा था, राहगीरों ने वनकर्मियों को अवगत कराया, वनरक्षक मिथिलेश ठाकुर और वन परिक्षेत्र अधिकारी गोपाल वर्मा ने घटना को घटित माना तथा बताया कि क्षेत्र में कैमरे नहीं लगाए गए, वहीं, एक अन्य वनरक्षक धनेश्वर ध्रुव ने दावा किया कि कक्ष क्रमांक 108 उसके बीट में आता है और उसने कैमरा लगाया था, कर्मचारियों की बयानबाजी में विरोधाभास ने विभागीय लापरवाही को और उजागर कर दिया है।
एक ओर अभ्यारण्य आम नागरिकों के लिए बंद है ताकि वन्य प्राणियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके, लेकिन जब सुरक्षाकर्मी ही अपनी ड्यूटी में चूक करेंगे तो वन्य प्राणी कैसे सुरक्षित रहेंगे! सवाल यह उठता है कि मृत चीतल कई दिनों तक बिना जांच-परख के क्यों पड़ा रहा!