25, raipur,सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने वित्तीय समावेशन को नई गति देने के उद्देश्य से तीन माह का विशेष महाअभियान शुरू किया है। अभियान की शुरुआत नया रायपुर में एक भव्य कार्यक्रम के साथ हुई, जहाँ बैंक ने रिटेल क्रेडिट कैम्प आयोजित कर कुल ₹52 करोड़ की राशि 570 लाभार्थियों को वितरित की। इस अवसर पर बैंक के महाप्रबंधक डी.एस. राठौर और रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे विशेष रूप से उपस्थित रहे।अभियान का मकसद अधिक से अधिक नागरिकों को औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जोड़ना है। इसके तहत प्रधानमंत्री जन-धन योजना (PMJDY) के अंतर्गत नए खाते खोले जा रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और अटल पेंशन योजना (APY) में नामांकन कराया जा रहा है। साथ ही, लंबित खातों का पुनः-केवाईसी (Re-KYC), खातों में नामांकन (Nomination) का अद्यतन तथा डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव और शिकायत निवारण प्रणाली पर जागरूकता सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं।पूरे अभियान का नेतृत्व अंचल प्रमुख बी. आर. रामा कृष्णा नायक और रायपुर क्षेत्रीय प्रमुख आर. के. केरकेट्टा कर रहे हैं। कार्यक्रम में उप अंचलिक प्रमुख आर. के. सिंह, सहायक महाप्रबंधक (आंका) सुनीत राणा और उप क्षेत्रीय प्रमुख (क्षेका रायपुर) नरेश दूबे भी मौजूद रहे।सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया का यह महाअभियान गाँवों से लेकर नगरों तक वित्तीय सशक्तिकरण की दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है।