रायपुर : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् प्रतिनिधिमंडल ने यू-स्पेशल बस सेवा पुनः शुरू करने पर सीएम रेखा गुप्ता का आभार प्रकट किया एवं मेट्रो रियायती पास की भी मांग की।


अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् ने दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाक़ात की। अभाविप नीत डूसू ने न केवल दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की ओर से बल्कि संपूर्ण राज्य के विद्यार्थियों की ओर से माननीय मुख्यमंत्री को यू-स्पेशल बस सेवा को पुनः शुरू करने पर आभार एवं सुझाव प्रकट किए तथा दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए मेट्रो रियायती पास की भी मांग की। एबीवीपी नित डूसू की मांग पर यू-स्पेशल बस सेवा चलाए जाने से छात्रों को कैंपस में काफी सुविधा मिलेगी, छात्रों का आना- जाना न केवल किफायती होगा बल्कि उन्हें अपने कॉलेज परिसरों तक पहुँचने में भी मदद मिलेगी। यू-स्पेशल बस सेवा एक विश्वसनीय और कुशल परिवहन व्यवस्था है, इस पहल से छात्रों को परिवहन संबंधी समस्याओं से निश्चित ही निजात मिलेगा।

इसी कड़ी में अभाविप नीत डूसू ने यू-स्पेशल बस सेवा के मार्गों को लेकर भी कुछ सुझाव दिए, जिससे की इस मुहीम का लाभ अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुँचाया जा सके,
मार्गों का उल्लेख कुछ इस प्रकार है :
०उत्तरी परिसर- कश्मीरी गेट से पटेल चेस्ट संस्थान होते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय उत्तरी परिसर तक।
०दक्षिणी परिसर -ग्रेटर कैलाश से श्री अरबिंदो मार्ग होते हुए मोतीलाल नेहरू कॉलेज तक, जिससे की दक्षिणी दिल्ली में रह रहे छात्रों को सुविधा मिल सके।
०अंतर-परिसर मार्ग- दिल्ली विश्वविद्यालय उत्तरी परिसर से रिंग रोड होते हुए दक्षिणी परिसर तक, जिससे छात्रों को दोनों परिसरों के बीच सुविधाजनक यात्रा करने में मदद मिलेगी। दौलत राम कॉलेज से जेएनयू , जो की माल रोड, राजघाट, पृथ्वीराज रोड, आरके पुरम से होते हुए जेएनयू जाएगी।
कुछ और भी प्रमुख मार्गों से यू-स्पेशल बस सेवा को जोड़ा जाएगा, जिसमे राजौरी गार्डन, मोती नगर, जामिया, पंजाबी बाग़, नजफ़गढ़ शामिल है, जिससे की राजधानी कॉलेज, श्याम लाल कॉलेज, श्यामा प्रसाद मुख़र्जी कॉलेज, अदिति महाविद्यालय, भगिनी निवेदिता महाविद्यालय और शिवाजी कॉलेज के छात्रों को भी सुविधा मिल सके।
ये मार्ग छात्रों के घरों से कॉलेजों तक की यात्रा को सुगम बनाएँगे। जिससे यात्रा का समय कम होगा और उनका समग्र शैक्षणिक अनुभव बेहतर होगा।
एबीवीपी नित डूसू ने यू-स्पेशल बस सेवा के संचालन हेतु कुछ प्रमुख सुझाव दिए है जैसे कि सुबह 7 – 11 और शाम 3 – 7 तक बसों की आवृति को बढ़ाना, जिससे की छात्रों को कम प्रतीक्षा करनी पड़े, और वह अपने घर एवं कॉलेज निर्धारित तय समय सीमा पर पहुँच सके।फीडबैक सुविधा स्थापित करना जिसमे छात्र अपने सुझाव दे सके, ताकि इस सेवा को और बेहतर बनाया जा सके। रियल टाइम बस ट्रैकिंग सुविधा उपलब्ध कराई जाए, जिससे की छात्र बसों को ट्रैक कर सके, और अपनी यात्रा को आसान बना सके। सभी बसों में कैमरा इनस्टॉल किए जाए, और सभी बस स्टॉपों पर सुरक्षा कारण हेतु सुरक्षा अधिकारी उपलब्ध कराए जाए, जिससे की छात्राओं को परेशानी न हो।
यू-स्पेशल बस सेवा के साथ-साथ, अभाविप नीत डूसू छात्रों के लिए लम्बे समय से मेट्रो पास की भी मांग करता रहा है, इसी कड़ी में अभाविप के प्रतिनिधियों ने दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों से भेंट कर जानकारी जुटायी, और माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता से मिलकर इस संदर्भ में ज्ञापन सौंपा है। प्रतिदिन हज़ारों विद्यार्थी दिल्ली मेट्रो का प्रयोग करते है, रियायती पास मिलने से उन पर वित्तीय बोझ भी घटेगा और वह समय से अपने महाविद्यालय पहुंच सकेंगे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् की राष्ट्रीय मंत्री सुश्री शिवांगी खरवाल ने कहा,”यू-स्पेशल बस सेवा उन छात्रों के लिए लाभकारी साबित होगी जहाँ मेट्रो की उचित व्यवस्था नहीं है— स्वामी श्रद्धानन्द कॉलेज, अदिति महाविद्यालय, भगिनी निवेदिता महाविद्यालय, जैसे तमाम कॉलेज के छात्र- छात्राएं इस मुहीम का फायदा उठा सकेंगे, और अपने कॉलेज तय समय सीमा पर पहुंच पाएंगी। जिससे वह अपने पढ़ाई पर और अच्छे से ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।”
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् दिल्ली के प्रांत मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा,”यह सुविधा न केवल डीयू में पढ़ रहे छात्रों के लिए हितकारी है अपितु इससे अन्य विश्वविद्यालयों के छात्रों को भी फायदा मिलेगा जैसे की जेएनयू, जामिआ इत्यादि। हमारी यू-स्पेशल बस सेवा की मांग को स्वीकारने के लिए सीएम रेखा गुप्ता जी का धन्यवाद, हमें पूर्ण विश्वास है की मेट्रो रियायती पास पर भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी का जो भी फ़ैसला होगा वह छात्र हितों में ही होगा। एबीवीपी 365 दिन कैंपस में छात्रों के लिए काम करती आयी है, और आगे भी छात्र हितों के मुद्दों पर काम करती रहेगी।”