फिर चला रायपुर निगम का बुलडोजर: कुंडली लिक ऑफिस के पास हटाए जा रहे हैं अतिक्रमण

Chhattisgarh

रायपुर : 27मई 2025, शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की सख्ती एक बार फिर देखने को मिली।आज फिर नगर निगम की टीम ने कुंडली लिक ऑफिस के पास अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान दर्जनों अस्थायी व स्थायी दुकानों, ठेलों और कब्जों को हटाया गया। नगर निगम की इस कार्रवाई ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। निगम अधिकारियों के मुताबिक, लंबे समय से यहां सड़क किनारे अवैध रूप से दुकानें लगाई जा रही थीं, जिससे यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही थी और आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार चेतावनी देने के बावजूद अतिक्रमणकारियों ने जगह खाली नहीं की, जिसके बाद निगम ने सख्त रुख अपनाया।

अभियान के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी जताया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में निगम का बुलडोजर बेरोकटोक चलता रहा। हटाए गए ढांचे में पान ठेले, सब्जी की दुकानें, लोहे की टीन शेड और लकड़ी के अस्थायी मकान शामिल रहे। निगम का कहना है कि यह अभियान आगामी दिनों में भी अन्य अतिक्रमण स्थलों पर जारी रहेगा।नगर निगम अधिकारी ने कहा कि “शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए अतिक्रमण हटाना जरूरी है। हम सभी को नियमों का पालन करना चाहिए। कुंडली लिक ऑफिस के आसपास कई शिकायतें मिल रही थीं, इसलिए प्राथमिकता के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।”

कुछ स्थानीय निवासियों ने इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि इससे राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि निगम को पहले वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराना चाहिए, ताकि छोटे दुकानदारों की रोजी-रोटी प्रभावित न हो।

नगर निगम की इस मुहिम से यह साफ है कि अब अतिक्रमणकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। शहर को सुंदर, स्वच्छ और सुचारु बनाने के लिए निगम की यह मुहिम आने वाले दिनों में और तेज हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *