रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महंगाई, बेरोजगारी को लेकर एक बार फिर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाते हुये कहा, आखिर भाजपा शासित राज्यों में ही पेपर लीक क्यों हो जाता है? परीक्षाएं रद्द क्यों हो जाती हैं? मुख्यमंत्री ने गुरूवार को हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर विधानसभा में जन संकल्प रैली को संबोधित करते हुये कहा, हिमाचल अब परिवर्तन को तैयार है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की जन संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कहा, भाजपा जो कहती है ठीक उसका उल्टा करती है। वन रैंक, वन पेंशन की बात करने वाली भाजपा ने नो रैंक, नो पेंशन कर दिया। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने आम लोगों को अधिकार सम्पन्न बनाया है। शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार, भोजन का अधिकार और मनरेगा के माध्यम से रोजगार का अधिकार दिया है। छत्तीसगढ़ में भी हमने जो वादा किया था उसे पूरा किया है। किसानों की ऋण माफी की। केंद्र के अड़ंगे के बावजूद किसानों से 2640 रुपए क्विंटल पर धान खरीदी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा, केंद्र सरकार जीएसटी के नाम पर जनता की जेब खाली कर शोषण कर रही है। विकास का पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है। बेरोजगारी और महंगाई से राहत के लिए भाजपा के पास कोई योजना नहीं है। मुख्यमंत्री को कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीनियर ऑब्जर्वर बनाया है। वे चुनाव के प्रमुख रणनीतिकारों में शामिल हैं।
गाय की सेवा नहीं, वोट मांगती है भाजपा
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा गाय के नाम पर दंगा करा सकती है। वोट मांग सकती है पर गाय की सेवा नहीं कर सकती। उन्होंने कहा हमने छत्तीसगढ़ में गोबर और गोमूत्र की खरीदी शुरू की है। कर्मचारियों के हित में ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू किया है। हिमाचल प्रदेश में भी सरकार बनी तो यहां भी पुरानी पेंशन लागू की जाएगी।