रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह ने प्रदेश में खराब सड़कों को लेकर कहा, भूपेश बघेल 4 साल से मुख्यमंत्री हैं और जवाब रमन सरकार को देने कह रहे हैं। वे पूरे सड़क को डबरा बना रहे हैं। 2018 तक हमारी सरकार ने 1555 सड़कें बनाई थी। अब कांग्रेस सरकार को जवाब देना चाहिए कि उन्होंने 4 साल में कितनी सड़कें छत्तीसगढ़ में बनाई? उन्होंने कहा, बजट में पैसा नहीं है। रिपेरिंग के लिए पैसा नहीं है। पूरा बजट पाटन जा रहा है। पूरे छत्तीसगढ़ के सड़कों के लिए फंड नहीं है, लेकिन पाटन विधानसभा में मुख्यमंत्री ने बस्तर-सरगुजा से ज्यादा खर्च किया है। बस्तर के 12 विधानसभा में 13 सौ करोड़ का बजट रखा जाता है। सरगुजा के 14 विधानसभाओं में 17 सौ करोड़ दिया गया, लेकिन सिर्फ पाटन विधानसभा में 17 सौ करोड़ से अधिक दिया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने संवाददाताओं से चर्चा में भारत जोड़ो यात्रा के छत्तीसगढ़ नहीं आने पर कहा, आज प्रदेश की सड़कों की जो हालत है उसे कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भी स्वीकार कर रहा है। आप विचार कीजिए कि कांग्रेस के भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार होने के बावजूद क्यों नहीं आ रहे हैं। क्योंकि छत्तीसगढ़ की सड़कें ज्यादा खराब है। यहां की सड़कों पर राहुल गांधी चल नहीं सकते। इसलिए यहां नहीं आ रहे हैं। आज हालत यह है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने भेंट मुलाकात के लिए हेलीकॉप्टर पर निर्भर हैं। उनके पास भी सड़कों पर चलने का साहस नहीं है। क्योंकि वह इस बात को जानते हैं कि बीते 4 सालों में नई सड़क बनाना तो दूर उन्होंने पुरानी सड़कों का प्रबंधन भी ठीक से नहीं किया है।
सड़कों की लंबाई पांच गुना बढ़ाया
डाॅ. रमन सिंह ने कहा, 6211 गौरव पथ का निर्माण हमने किया। यह भारतीय जनता पार्टी की उपलब्धि रही है कि सड़कों की लंबाई 5 गुना बढ़ाया। उन्होंने कहा, हमारी सरकार ने 2018 तक प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत 3250 किलोमीटर सड़क निर्माण किया और 1155 सड़कें बनी। हमारी सरकार ने 2 लेन सड़क की लंबाई 1251 किलोमीटर से 5 गुना बढ़ाकर 9271 किलोमीटर की है। प्रदेश के 124 ब्लॉक मुख्यालयों को 7 मीटर चौड़ी सड़क से जोड़ा था। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि 2018-19 में हमारी सरकार के अंतिम बजट में लोक निर्माण विभाग को 7187 करोड़ का बजट दिया गया।
बजट प्रावधान ही नहीं, काम कैसे हो
उन्होंने कहा, यदि आप 4 वर्षों के कांग्रेस सरकार के बाद इनका बजट देखें तो 2022-23 में लोक निर्माण विभाग का बजट घटकर 6634 करोड़ कर दिया गया। पिछले 4 सालों में भूपेश बघेल ने इस योजना में कितना कार्य किया है। अब नोडल अधिकारी को डांटने से क्या होगा, जब तक उस सड़क के लिए बजट में प्रावधान नहीं होगा तब तक कैसे होगा।
रमन कार्यकाल की सड़कें 3 से 5 साल में खराब
कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने पूर्व मुख्यमंत्री पर गलती बयानी का आरोप लगाते हुए कहा, वे प्रदेश में 60 हजार किमी सड़क बनाने का दावा कर रहे हैं। जबकि राज्य में कुल 32 हजार 800 किमी सड़क ही है। उन्होंने कहा, रमन सिंह खुद अपने भ्रष्टाचार की स्वीकारोक्ति कर रहे हैं। वर्ष 2016, 2017 और 2018 में जो सड़क बनी वो कंडम हो गई है। जिन सड़कों की उम्र 12 से 15 साल की होती है, वह 3 से 5 साल में ही खराब हो गई।