स्पेशल ट्रेन 2 सितंबर को होगी रवाना, 3 हजार से अधिक कांग्रेसी जाएंगे

Chhattisgarh

रायपुर :  कांग्रेस पार्टी देश की राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में आगामी 4 सितंबर को कांग्रेस विशाल विरोध आंदोलन कर महंगाई के खिलाफ जनता की आवाज बुलंद करेगी। छत्तीसगढ़ से भी 3 हजार से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता स्पेशल ट्रेन, हवाई जहाज और अन्य साधनों से रैली में शामिल होने जाएंगे। स्पेशल ट्रेन 2 सितंबर को रायपुर से रवाना होगी। जिला और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष यात्रा में जाने वालों की सूची तैयार करने में लगे हैं।
महंगाई को लेकर कांग्रेस के बड़े आंदाेलन में सभी राज्यों के कांग्रेसी कार्यकर्ता नई दिल्ली में जुटेंगे। रैली में कांग्रेस के कई नेताओं के अलावा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे। सभी राज्यों में इसके पूर्व बाजारों में नुक्कड़ सभाएं लेकर आम जनता को इसके लिए जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान कांग्रेस सरकार के समय आवश्यक वस्तुओं की सूची और आज के समय में इसमें हुई वृद्धि को दर्शाते हुए पर्चे बांटे जा रहे हैं। इधर छत्तीसगढ़ से अधिक से अधिक पदाधिकारी और कार्यकर्ता इसमें शामिल हों, इसके लिए विशेष व्यवस्था करते हुए 17 बोगी की ट्रेन बुक की गई है।
आर्थिक नीतियों के कारण बढ़ी महंगाई : मरकाम
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि 2014 में मोदी देश के युवाओं और आम लोगों को सपने दिखा रहे थे। वे अपने हर भाषण में सत्ता में आते ही बेरोजगारी और महंगाई को खत्म करने की बात कह रहे थे। आज उन्हें सत्ता में आए 8 साल से ज्यादा हो गए हैं, लेकिन महंगाई और बेरोजगारी कम होने के बजाय आसमान छू रही है। मोदी की विफल आर्थिक नीतियों के कारण देश में महंगाई रिकॉर्ड स्तर पर है। पेट्रोल, डीजल, सीएनजी एवं रसोई गैस से लेकर अनाज, दालें, कुकिंग ऑयल जैसी जरूरी चीजों की कीमतें भी आसमान छू रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *