कम से कम तिरंगा की पहचान तो हुई मरकाम को : ओ पी चौधरी

Chhattisgarh

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता ओ पी चौधरी ने कांग्रेस द्वारा संघ कार्यालय में तिरंगा भेजने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह अच्छी बात है कि कम से कम कांग्रेस अध्यक्ष मरकाम को तिरंगे की पहचान तो हुई। राष्ट्रीय पर्व के दिन कांग्रेस दफ़्तर राजीव भवन में तिरंगा के बदले कांग्रेस का झण्डा फहरा देने का स्मरण दिलाते हुए भाजपा प्रवक्ता  चौधरी ने कहा कि स्वतंत्रता के अमृत काल को ‘नौटंकी’ कहने वाले मरकाम को अगर तिरंगे के सम्मान की सदबुद्धि आयी तो यह संतोष की बात है। उन्होंने कहा कि जिस तिरंगे का सम्मान बचाने के लिए डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान हो गए, एक देश, एक तिरंगा निशान की बात करते हुए कश्मीर जाने पर जिस कांग्रेस ने न केवल डा. मुखर्जी को गिरफ़्तार किया बल्कि उनकी संदिग्ध मृत्यु भी हिरासत में हो गयी, ऐसी कांग्रेस आज तिरंगे की बात कर रही है तो यह अच्छी बात है। इसी तरह श्री मरकाम मोदी जी से प्रेरणा लेते रहें।

भाजपा प्रवक्ता  चौधरी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को जहां भी तिरंगा भेजना हो, शौक से भेजें, लेकिन एक चिट्ठी सोनिया गांधी जी और राहुल गांधी जी को भी भेज दें कि तिरंगे के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों की 2000 करोड़ की संपत्ति हड़पने का जो पाप किया गया है, उसका प्रायश्चित करते हुए स्वयं को कानून के हवाले कर दें।

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता ने कहा है कि भाजपा को अपमानित करने के लिए कांग्रेस तिरंगे का तिरस्कार कर रही है। भाजपा ने हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होने की अपील करते हुए कांग्रेस से कहा है कि वह भाजपा का जितना विरोध करना चाहे, कर ले। लेकिन कॉंग्रेस तिरंगे पर घटिया राजनीति न करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *