रायपुर। छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस चुनाव में स्क्रूटनी के बाद बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। इलेक्शन के लिए बनाई गई स्क्रूटनी कमेटी ने 3 लाख वोट रिजेक्ट कर दिया है। वहीं, 6.50 लाख से ज्यादा वोटों को होल्ड कर दिया गया है। स्क्रूटनी के बाद जो आंकड़े सामने आए हैं, उसके मुताबिक 7.50 लाख वोटों को ही सही पाया गया है। उल्लेखनीय है कि युवा कांग्रेस चुनाव में पूरे प्रदेश से कुल 17.31 लाख से अधिक सदस्य बनाए गए थे।
बताया जाता है कि अब जिन वोटों को होल्ड किया गया है, उन पर दावा आपत्ति मंगाई जाएगी। इनमें सही दस्तावेज सामने आने पर ही उन्हें स्वीकार किया जाएगा। दावा आपत्ति के बाद भी आंकड़ों में कुछ वृद्धि हो सकती है। इनती बड़ी संख्या में वोटों के रिजेक्ट होने का इसका सीधा असर चुनाव पर पड़ेगा। सदस्यता अभियान के दौरान आकाश शर्मा और मोनू अवस्थी का पलड़ा भारी था।
यूथ कांग्रेस के चुनाव निष्पक्ष हों और सही मेंबर जुड़ें, इसलिए पार्टी ने जो प्रक्रिया अपनाई थी, इसमें ऑनलाइन सदस्यता कराई गई थी। चुनाव में भाग लेने वाले प्रत्याशियों ने सदस्य बनाए थे। यही वोट सही माने गए। इससे पहले परफॉर्मर्स की लिस्ट जारी की गई थी। इस लिस्ट में प्रदेश अध्यक्ष के लिए 22 लोगों के नाम थे। सदस्यता अभियान के दौरान सांसद और विधायकों द्वारा भी अपने समर्थकों के जरिए अपनी पसंद के दावेदारों के पक्ष में सदस्य बनाया गया था।
लाखों के नाम, पते, फोटो फर्जी
एक महीने के सदस्यता अभियान के बाद 17.31 लाख ऑनलाइन इंट्री हुई थी। इनमें 16.61 लाख से अधिक लोगों ने सदस्यता शुल्क जमा किया था। 68735 लोगों ने सदस्यता शुल्क जमा नहीं किया था। स्क्रूटनी हुई तब ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाने की होड़ से यह सच्चाई सामने आई। दावेदारों ने फर्जी आईडी, फेक फोटो, नंबर और पते तक डाले थे। ऑनलाइन सदस्यता के दौरान लाइव तस्वीर और एक वीडियो अपलोड करना था, इसमें भी धांधली हुई है। इन सभी को रिजेक्ट कर दिया गया है।