नवा रायपुर का राजभवन, सीएम हाउस और मंत्रियों का बंगला मार्च तक होगा तैयार

Uncategorized

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लोक निर्माण विभाग द्वारा नया रायपुर में कराए जा रहे राजभवन, मुख्यमंत्री निवास, मंत्रियों और अफसरों के बंगलों के निर्माण का कार्य मार्च 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माणाधीन राजभवन और मुख्यमंत्री निवास का कार्य फिनिंशिंग स्तर पर है। विभाग के अफसरों ने बताया कि तय समय में काम पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू भी इन निर्माण कार्याें की लगातार मानिटरिंग कर रहे हैं। किसी भी स्थिति में विधानसभा चुनाव के पहले सभी दफ्तरों का निर्माण पूरा कराने का प्रयास है।
राजभवन, सीएम हाउस, विधानसभा भवन, विधायक विश्रामगृह, मंत्रियों और अफसरों के बंगलों का निर्माण नवा रायपुर में किया जा रहा है। नया रायपुर के सेक्टर-18 में आवासीय भवनों के निर्माण कार्य के लिए 591 करोड़ 75 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 25 अक्टूबर 2019 को इसका भूमिपूजन किया था। कोरोनाकाल में काम कुछ समय के लिए रोका गया था। उसके बाद फिर से काम शुरू कर दिया गया था। विभाग के अफसरों ने बताया कि मुख्यमंत्री निवास का कार्य दिसंबर 2022 तक तथा सभी मंत्री निवास मार्च 2023 तक पूर्ण कर लिए जाएंगे। यहां पर राजभवन का कार्य भी तेजी से चल रहा है। वाटर सप्लाई, सेनेटरी फिटिंग और विद्युतीकरण का कार्य लगातार चल रहा है।
78 अफसर बंगलों का निर्माण
अधीक्षण अभियंता विजय सिंह कोर्रम ने बताया कि नया रायपुर में अफसरों के लिए 78 बंगलों को निर्माण किया जा रहा है। इन आवासीय भवनों का निर्माण भी अंतिम दौर पर है। मंत्रियों के बंगलों का काम भी साथ-साथ चल रहा है। इन कार्याें काे मार्च 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य तय रखा गया है। नया रायपुर में आवासीय भवनों का निर्माण समय पर पूरा करने के अलावा गुणवत्त्ता पर भी पूरा ध्यान दिया जा रहा है।
हरियाली के लिए 10 हजार पौधों का रोपण
नया रायपुर क्षेत्र के इस आवासीय प्रोजेक्ट के आसपास हरियाली के लिए पौधारोपण किए जाने का प्लान बनाया गया है। इस क्षेत्र में हरियाली के लिए रॉयल पाम समेत विभिन्न प्रजातियों के 10 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। निर्माण कार्य के साथ ही बरसात में पौधों का रोपण किए जाने का प्लान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *