रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को मंत्रियों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों के साथ फिल्म भूलन द मेज देखी। इस दौरान सीएम ने कहा, यह फिल्म गांव की व्यवस्थाओं को लेकर बनी है। भूलन कांदा जो जंगलों में पाया जाता है, उस पर आधारित स्टोरी है। इसमें दिखाया गया है कि मूवी के हीरो भकला शहर में आकर किस प्रकार से गोल-गोल चक्कर लगा रहा है। दफ्तरों का चक्कर लगा रहा है। इस मूवी के कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का अच्छा प्रदर्शन किया है और मैं समझता हूं कि यह मूवी सभी को देखनी चाहिए। उन्होंने ‘भूलन द मेज’ फिल्म देखने के बाद इसे टैक्स फ्री करने की घोषणा की।
नेशनल फिल्म अवार्ड से सम्मानित फिल्म भूलन द मेज छत्तीसगढ़ की संस्कृति और लोकप्रचलित मान्यताओं को कहानी का रूप देकर लिखी गई संजीव बख्शी के उपन्यास भूलन कांदा पर आधारित है। इसका निर्देशन मनोज वर्मा ने किया है। ऐसी लोक मान्यता छत्तीसगढ़ में है कि जंगल में भूलन के पौधे पर पैर पड़ जाने से आदमी रास्ता भूल जाता है।