रायपुर। कांग्रेस के उदयपुर नव संकल्प शिविर के फैसलों को लागू करने से पहले ही छत्तीसगढ़ में सांगठनिक फेरबदल शुरू हो गया है। कांग्रेस ने अमीन मेमन को अल्पसंख्यक विभाग का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। यह नियुक्ति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी की सिफारिश पर कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की है। अभी तक सैयद इम्तियाज हैदर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
अमीन मेमन अभी प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सचिव की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। मेमन ने छात्र संगठन एनएसयूआई से राजनीति शुरू की थी। यूथ कांग्रेस में लंबे समय तक विभिन्न पदों पर रहे हैं। छत्तीसगढ़ राज्य गठन से लेकर वर्ष 2010 तक देवव्रत सिंह से लेकर राजकुमारी दीवान के कार्यकाल में प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर रहे। 2011 में कांकेर लोकसभा क्षेत्र से युवा कांग्रेस के पहले निर्वाचित अध्यक्ष बने। अविभाजित बस्तर जिला के जिला युवा कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष भी रहे। 1995 में केशकाल ग्राम पंचायत के उप सरपंच बने। 2000 में दूसरी बार निर्विरोध उप सरपंच चुने गए। 2002 में नगर पंचायत केशकाल के उपाध्यक्ष बने। उन्होंने कहा, जो जवाबदारी मुझे सौंपी गई है उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करूंगा।