यंग इंडिया के बोल सीजन-2 में हिस्‍सा लेकर बन सकते हैं युवा कांग्रेस के प्रवक्‍ता छत्तीसगढ़ प्रभारी शिल्पा एक्का ने कहा, देशभर में हुआ आगाज

Uncategorized

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस ने रायपुर में यंग इंडिया के बोल सीजन 2 के पोस्‍टर का आगाज किया। इसके जरिए संगठन प्रदेशभर के तेजतर्रार वक्ताओं को संगठन में मौका देगा। पिछले साल संगठन ने इसी प्रतियोगिता के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर 27 प्रवक्ताओं का चयन किया था। यूथ कांग्रेस यंग इंडिया के बोल कार्यक्रम की छत्तीसगढ़ प्रभारी शिल्पा एक्का ने कहा, देशभर में यंग इंडिया के बोल सीजन-2 काे 26 मार्च को भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने लांच किया था। 31 मई तक इसके लिए गूगल फार्म के माध्यम से प्रतिभागी आवेदन कर सकेंगे।
कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुबोध हरितवाल, यंग इंडिया के बोल की छत्तीसगढ़ प्रभारी शिल्पा एक्का, प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री अमरजीत चावला और प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता विकास तिवारी ने अभियान का आगाज किया। राष्ट्रीय प्रवक्ता सुबोध हरितवाल ने बताया कि युवा कांग्रेस, यंग इंडिया के बोल के माध्यम से देशभर से प्रतिभावान युवाओं को मौका दे रही है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में लोहा मनवाने वालों को युवा कांग्रेस का राष्ट्रीय प्रवक्ता और प्रदेश प्रवक्ता बनने का मौका मिलेगा। इसके तहत 1 जून से 31 जुलाई तक विधानसभा व जिलास्तर पर प्रतिभागियों की प्रतियोगिता होगी। इसमें सफल होने वालों के लिए 1 अगस्त से 20 सितंबर के बीच राज्य स्तरीय प्रतियोगिता कराई जाएगी। यहां चुने जाने वालों को 30 सितंबर से दो अक्टूबर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जाने का मौका मिलेगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सफल होने वालों को भारतीय युवा कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता व प्रदेश प्रवक्ता के रूप में नियुक्त करेगी।
पिछले साल भी हुई थी प्रतियोगिता
सुबोध हरितवाल ने बताया कि पहले सीजन में सर्वाधिक 32 लोगों का चयन छत्तीसगढ़ से हुआ था, जिसमें टाॅप 5 में से छत्तीसगढ़ से ही 3 लोग थे। पहले सीजन में 1673 लोग आवेदन किए थे, जिनमें से 17 लोगों का दिल्ली के लिए चयन हुआ था। जिसमें से 3 राष्ट्रीय प्रवक्ता और बाकी प्रदेश प्रवक्ता बनाए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *