भूपेश हैं तो भरोसा है, एक्टिवा में ढुलवा दी 24 टन धान – विष्णुदेव

Uncategorized

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने महासमुंद जिले के परसवानी धान खरीदी केंद्र से एक्टिवा में 24 टन धान का परिवहन कर राइस मिल भेजे जाने का फर्जीवाड़ा सामने आने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि भूपेश बघेल कांग्रेस के भ्रष्टाचारी नेताओं में नंबर वन बन गए हैं। वे कांग्रेस के बड़े नेता पी. चिदंबरम से आगे निकल गए हैं। चिदंबरम गमले में करोड़ों रुपए की गोभी उगाने के चमत्कार दिखाते थे अब खुद को किसान कहने वाले भूपेश बघेल ने राज्य के किसानों का धान खरीदने में आनाकानी करने के साथ ही ऐसा अनोखा हुनर दिखाया है कि सारी दुनिया हैरत में पड़ जाए लेकिन कांग्रेस के लिए यह एकदम आसान है। कांग्रेस में काले कारनामे करने वाले एक से बढ़कर एक कलाकार हैं। निर्माता निर्देशक की मांग पूरी करने के लिए ये चांद सितारे भी धरती पर उतार सकते हैं। भूपेश हैं तो कांग्रेस के परिवार को भरोसा है। ये ऐसे चमत्कारी बाबा हैं जो दुपहिया सवारी वाहन में 24 टन धान ढुलवा सकते हैं। यह अचंभा भूपेश बघेल की सरकार में ही संभव है। जो कहा, वो किया। क्या दिल्ली दरबार में माताजी, भैया और दीदी को यही वचन देकर छत्तीसगढ़ को लूटने का संकल्प लिया था?

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि भूपेश बघेल के राज में छत्तीसगढ़ को कांग्रेस का वसूली केंद्र बना दिया गया है। भूपेश बघेल ने उत्तर प्रदेश के चुनाव के लिए खजांची का रोल अदा किया है। वे यहां ऐसे ही गुल खिलाकर वहां कांग्रेस की झोली भरने जाते थे। राज्य के तमाम संसाधन दीदी के इशारे पर झोंक दिये। कांग्रेस नेतृत्व ने भूपेश बघेल को छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार करके दिल्ली दरबार का पेट भरने के लिए ही कुर्सी पर चिपकाए रखा है। अन्यथा ढाई ढाई साल की आस में बैठे सिंहदेव के साथ कब का न्याय हो चुका होता।  साय ने कहा कि धान खरीदी के लिए केंद्र सरकार रकम देती है। राष्ट्रीय धन से जुड़े भ्रष्टाचार के इस मामले सहित तमाम घोटालेबाजी की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी से कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *