नामांकन की शुरूआत के बाद प्रत्याशी चयन पर टिकी निगाहें, किसको मिल सकता है मौका

Chhattisgarh

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दस नगरीय निकायों में हो रहे चुनाव को लेकर कांग्रेस में प्रत्याशी चयन कांग्रेस के स्थानीय विधायक और मंत्रियों के पसंद के आधार तय होंगे। प्रत्याशी चयन को लेकर चुनाव समिति की बैठक 30 नवंबर को होगी। इसी में जहां पर विवाद की स्थिति नहीं होगी, वहां प्रत्याशी के नाम को अंतिम रूप दिया जा सकता है। निकाय चुनावों को लेकर जिला कलेक्टरों द्वारा अधिसूचना जारी किए जाने के साथ ही शनिवार से नामांकन भरने का कार्य शुरू हो गया है।
चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही कांग्रेस के पर्यवेक्षकों ने दौरा भी शुरू कर दिया है। पर्यवेक्षकों ने जिला कांग्रेस के माध्यम से वार्ड स्तर पर नामों का टोह लेना शुरू कर दिया है। जिन निकायों में चुनाव होना है, वहां पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें चुनाव कार्य में जुटने का आह्वान किया जा रहा है। दुर्ग ग्रामीण के रिसाली नगर निगम क्षेत्र में मंत्री ताम्रध्वज साहू की सहमति से वहां के पार्षदों का टिकट को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसी प्रकार भिलाई-चरोदा नगर निगम पाटन विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। ऐसे में माना जा रहा है कि यहां प्रत्याशी चयन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल स्वयं रुचि लेंगे। नगर निगम भिलाई नगर में वहां महापौर रहे विधायक देवेंद्र यादव की पसंद के आधार पर प्रत्याशी उतारे जाएंगे। दुर्ग के प्रभारी मंत्री मो. अकबर इस पर पूरी नजर रखेंगे। जामुल नगर पालिका निगम मंत्री गुरू रूद्र कुमार के क्षेत्र में आता है। यहां पर उनकी पसंद के आधार पर प्रत्याशी उतारे जाएंगे। वहीं बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा के पसंद को ध्यान में रखा जाएगा। यहां पर प्रभारी मंत्री रविंद्र चौबे चुनाव के दौरान पूरी नजर रखेंगे।
नगर पालिका और नगर पंचायतों पर भी नजर
प्रदेश के चार निगमों के अलावा पांच नगर पालिका और 6 नगर पंचायतों में चुनाव हो रहे हैं। इनमें शिवपुर चरचा और बैकुंठपुर विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. चरणदास महंत के क्षेत्र में होने के कारण उनकी पसंद के प्रत्याशी चुनाव में उतारे जाएंगे। इसी प्रकार प्रेमनगर नगर पंचायत में मंत्री टीएस सिंहदेव की पसंद के आधार पर प्रत्याशी चयन किए जाएंगे। खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव को लेकर जिले के प्रभारी मंत्री के अमरजीत भगत पूरी नजर रखेंगे। जिला कांग्रेस द्वारा यहां पर सक्रिय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पर्यवेक्षक के सर्वे के आधार पर प्रत्याशी चयन किया जाएगा। कोंटा भैरमगढ़ और भोपालपटनम में मंत्री कवासी लखमा की पसंद के आधार पर प्रत्यशी चयन किया जाएगा।
इन निकायों में होगा चुनाव
प्रदेश के 15 नगरीय निकायों में से नगर पालिक निगम बीरगांव, भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरोदा का चुनाव मुख्य है। उसके अलावा नगर पालिका सारंगढ़, बैकुंठपुर, शिवपुर चरचा, जामुल और खैरागढ़ में चुनाव होगा। वहीं प्रेमनगर, मारो, नरहरपुर, कोंटा, भैरमगढ़ और भोपालपट्टनम नगर पंचायतों में चुनाव होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *