कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव हेतु सावधानी के साथ ड्यूटी करें पुलिसकर्मी : डीजीपी  अवस्थी

Chhattisgarh

रायपुर 26 मार्च। डीजीपी  डीएम अवस्थी ने राज्य में नोवेल कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या को देखते हुये पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के लिये दिशा-निर्देश जारी किये हैं। जारी निर्देश में कहा गया है कि पुलिस अधिकारी/कर्मचारी निरंतर चौक-चौराहों, पिकेट, पेट्रोलिंग, अस्पतालों एवं अन्य सुरक्षा ड्यूटी में तैनात रहते हैं साथ ही शहरों में अनलाॉक होने के कारण भीड़ वाले क्षेत्रों में भी पुलिस अधिकारी/ कर्मचारियों को ड्यूटी करना होता है। अतः ऐसी स्थिति में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को अपने स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार को भी कोरोना के संक्रमण से बचाने की दिशा में सावधानियां बरतें। सभी पुलिस अधिकारी/कर्मचारी मानक स्तर का मास्क लगाकर ही ड्यूटी करें एवं आपस में एक-दूसरे से बात करते समय भी मास्क न निकाला जाये। समय-समय पर सेनेटाईजर का उपयोग करें या हाथों को साबुन/हैण्डवास से साफ करते रहें। कार्यालय, थाने व अन्य कर्तव्य स्थल को नियमित रूप से सेनेटाईज कराया जावे। ड्यूटी के दौरान अधिकारी/कर्मचारी अपने सहयोगियों व अन्य व्यक्तियों से एक निश्चित दूरी बनाकर कर्तव्यों का निर्वहन करें। पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों में किसी प्रकार के संक्रमण का लक्षण पाये जाने पर उन्हें आईसोलेशन में रखते हुए उनका तत्काल कोरोना टेस्ट कराया जाये। अधिकारी/कर्मचारियों को यह भी निर्देशित किया गया है कि उनके परिवार के सदस्य व बच्चे अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों को छोड़कर भीड़-भाड़ वाले स्थानों में जाने से बचें। कर्तव्य स्थल में कार्य के दौरान बैठक व्यवस्था कम से कम 6 फिट की दूरी हो सुनिश्चित किया जाये। मीटिंग आदि यथासंभव विडियों कान्फ्रेंस के माध्यम से किया जाये। संदिग्ध परिस्थतियों या कोरोना से संक्रमित शव स्थल पर ग्लब्स लगाकर ही जाये, साथ ही संदिग्ध शव का पंचनामा आदि कार्यवाही के दौरान समुचित सुरक्षा उपाय की जाये। अधीनस्थ पुलिस अधिकारी/कर्मचारी व उनके परिवार जिनमें कोरोना के लक्षण हो या उनके निवेदन पर त्वरित कोरोना टेस्ट करने हेतु संबंधित स्वास्थ्य अधिकारी से अनुरोध किया जावे ताकि उन्हें किसी प्रकार की जांच कार्यवाही के लिए दिक्कतों का सामना न करना पड़े। कर्तव्यस्थल पर आवागमन के दौरान भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों से बचते हुए यथासंभव पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग न कर स्वयं का साधन का उपयोग करें। यातायात कर्मचारियों द्वारा अपनी ड्यूटी के दौरान या चालानी कार्यवाही करते समय आम नागरिकों के बहुत करीब पहुंच जाते हैं, यातायात कर्मचारीगण पर्याप्त दूरी बनाकर कर्तव्य निर्वहन किया जाये। छसबल की कम्पनी में तैनात अधिकारी/कर्मचारी भी बिना किसी कार्य के भीड़-भाड़ वाले स्थानों में न जाये तथा कैम्प में भी आवश्यक दूरी बनाकर रहे।कोरोना टीकाकरण की प्रथम व द्वितीय डोज सभी अधिकारी/कर्मचारी लगवाना सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *