रायपुर, 26 जनवरी 2021/ गणतंत्र दिवस के अवसर पर वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने कांकेर जिला मुख्यालय के शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में ध्वजारोहण कर परेड सलामी ली। राष्ट्रगान के पश्चात् मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया गया। मंत्री लखमा ने कांकेर जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अनेकता में एकता के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में उड़ाए गए। समाराहे में उद्योग मंत्री लखमा ने शॉल और श्रीफल भेंटकर शहीदों के परिजनों का सम्मान किया तथा कोरोना वारियर्स को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सलाहकार राजेश तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमन्त ध्रुव, छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष नितिन पोटाई, नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष सरोज ठाकुर एवं पुलिस उप महानिरीक्षक विनीत खन्ना, कलेक्टर चन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक एम.आर. अहिरे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे सहित निर्वाचित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।