संगठित समाज ही विकास की धारा में आगे बढ़ता है : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

Chhattisgarh

रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि समाज के विकास में सबकी भागीदारी जरूरी है। इससे समाज में एकता और संगठन का विकास होता है। समाज गंगा की तरह है और सभी के एक होने से समाज में सामाजिक समरसता का विकास होगा। समाज के बिना हम सब अधूरे है। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि संगठित समाज ही विकास की धारा में आगे बढ़ता है।

बिरगांव में आयोजित छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के चौथे राज अधिवेशन के अवसर पर मुख्य अतिथि बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार सभी समाज के लोगों को साथ लेकर विकास की राह में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना के स्वप्न देखने वाले पुरखे छत्तीसगढ़ के विकास की कल्पना संजोए थे। सरकार उन सपनों को साकार करने का काम कर रही है। राज्य की सांस्कृतिक विरासत को सहेज रही है। गांव से लेकर विधानसभा और मंत्रालय में छत्तीसगढ़ी में बात करने में कोई संकोच नहीं करता है। छत्तीसगढ़ियों का अपना स्वाभिमान होता है। सरकार ने इस स्वाभिमान को बढ़ाने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में गोधन योजना से रोजगार और आय के नए स्तोत्र निकले हैं। कई लोग जिसके पास कोई रोजगार नहीं होता था, वे गोबर बेचकर रोजगार के साथ लाभ भी कमा रहे हैं। महिला समूह आत्मनिर्भर बन रही है। प्रदेश में धान से एथेनॉल बनाने की दिशा में प्रोजेक्ट तैयार हो रहा है। इससे प्रदेश के लोगों के लिए नए रोजगार का सृजन होगा, लोगों के लिए आमदनी का जरिया बढ़ेगा, आत्मनिर्भर प्रदेश का निर्माण हो सकेगा।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर में चरौदा सामाजिक भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये,बिरगांव सामाजिक भवन में अहाता के लिए 20 लाख रुपए तथा ट्रांसपोर्ट नगर बिरगांव में डॉ खूबचंद बघेल की आदमकद मूर्ति लगाने की घोषणा की।

कार्यक्रम को विशिष्ट अतिथि श्रीमती छाया वर्मा और डॉ किरणमयी नायक ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि समाज में अनेक काम होते हैं जो समाज को एक दिशा देते हैं। इन सबके बीच समाज और परिवार में संस्कारों के लिए भी प्रयास और काम होना चाहिए। इससे आने वाली पीढ़ी न केवल अपनी सामाजिक सांस्कृतिक विरासत को समझेगी, साथ ही सामाजिक कुरीतियों से भी छुटकारा मिलेगा। समाज के संस्कारवान होने से विशुद्ध रूप से समाज का सही मायने में विकास होगा। इस अवसर पर खनिज विकास निगम के अध्यक्ष  गिरीश देवांगन,विधायक सत्यनारायण शर्मा,जिला पंचायत अध्यक्ष डोमेश्वरी वर्मा,बिरगांव निगम के अध्यक्ष अम्बिका यदु सहित समाज के पदाधिकारी बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित थे।

कार्यक्रम में प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित किया गया।कुर्मी समाज के साहित्यकारो,कवि एवं लेखक द्वारा रचित “आखर थरहा” पत्रिका का विमोचन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *