बारह उप नालों को समेटे जामझोरी नाला के बारहमासी बनने पर अब लाभान्वित होंगे 1255 परिवार

Chhattisgarh

रायपुर, 28 अक्टूबर 2020/ वन मंत्री  मोहम्मद अकबर के मार्गदर्शन में कैम्पा की वार्षिक कार्य योजना 2020-21 के तहत कबीरधाम जिले के जामझोरी नाला में भू-जल संरक्षण के लिए विभिन्न संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। इनमें नरवा विकास योजना के अंतर्गत एक करोड़ 78 लाख रूपए की स्वीकृत राशि से 143 ब्रशवुड, चेक डेम तथा कंटूर ट्रेंच आदि का निर्माण शामिल है।

इस संबंध में कैम्पा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री व्ही. श्रीनिवास राव ने बताया कि 12 उप नालों को समेटे जामझोरी नाला के बारहमासी बनने पर वनांचल के 1255 ग्रामीण परिवारों को भू-जल संवर्धन का सीधा-सीधा लाभ मिलेगा। जामझोरी नाला का उद्गम कोटनापानी पहाड़ी क्षेत्र से होता है, जो आगे चलकर छह विभिन्न गांवों से होता हुआ गुडली गांव के पास हॉफ नदी में मिल जाता है। इसके राजस्व क्षेत्र में मनरेगा मद से स्वीकृत 80 लाख रूपए की राशि से 32 संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। इसी तरह वन विभाग द्वारा कैम्पा मद से स्वीकृत 96 लाख 88 हजार रूपए की राशि से 111 संचनाओं का निर्माण किया जाएगा। जानझोरी नाला की कुल लम्बाई 14.51 किलोमीटर है। इसमें से 8.86 किलोमीटर राजस्व क्षेत्र तथा 5.65 किलोमीटर वन क्षेत्र पड़ता है। इन संरचनाओं के निर्माण से आस-पास के ग्रामीणों को अब भू-जल संरक्षण का भरपूर लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *