रायपुर, 21 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में लगातार तीन चक्रवाती तूफानों और बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश के लाखों किसानों की धान की फसल बारिश से प्रभावित हुई है, लेकिन सरकार अब तक नुकसान का आकलन कराने के लिए गंभीर प्रयास नहीं कर रही है।

राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में दीपक बैज ने कहा कि पिछले 24 दिनों में आए अर्नव, मुरासू और अकवान चक्रवाती तूफानों ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तूफानों का असर ऐसे समय हुआ, जब खेतों में धान की फसल तैयार थी। कई किसानों का कटा हुआ धान खेतों में पड़ा था, जो बारिश में भीगकर खराब हो गया। वहीं, धान खरीदी केंद्रों तक पहुंचा अनाज भी बारिश की चपेट में आया है।बैज ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में ही 1083 गांवों के 74 हजार से अधिक लोग और 6154 हेक्टेयर से ज्यादा फसल प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी बड़े पैमाने पर धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। इसके बावजूद सरकार ने पहले आए दो तूफानों से हुए नुकसान का सर्वे तक नहीं कराया है।
पटवारी हड़ताल से प्रभावित हो रहा फसल नुकसान का आकलन:-
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तीनों तूफानों के दौरान पटवारी हड़ताल पर हैं। अब चौथा चट्टुफान, फसल नुकसान का आकलन मुख्य रूप से पटवारियों के माध्यम से कराया जाता है, लेकिन सरकार हड़ताल समाप्त कराने या वैकल्पिक व्यवस्था बनाने में नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे किसानों को क्षतिपूर्ति मिलने में देरी हो रही है। फसल बीमा कंपनियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रीमियम जमा करने के बावजूद किसानों को बीमा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
65,100 रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की मांग :-
कांग्रेस ने सरकार के सामने आठ प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें तीनों चक्रवाती तूफानों से हुए फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर किसानों को क्षतिपूर्ति देने, बीमा कंपनियों को नुकसान का आकलन कर भुगतान के निर्देश देने और राजस्व पुस्तिका 6/4 के प्रावधानों के तहत मुआवजा देने की मांग शामिल है।
कांग्रेस ने धान के 21 क्विंटल प्रति एकड़ उत्पादन और 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य के आधार पर 65,100 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा घोषित करने की मांग की है। इसके अलावा सभी ब्लॉकों में कृषि अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाकर बीमा कंपनियों की निगरानी कराने की बात कही है।

धान खरीदी की तारीख 15 दिन बढ़ाने की मांग :-
बैज ने कहा कि खराब मौसम के कारण कई किसान टोकन कटवाने के बावजूद पिछले तीन-चार दिनों से धान नहीं बेच पाए हैं। ऐसे किसानों के टोकन दो1बारा जारी किए जाएं। मौसम की स्थिति को देखते हुए धान खरीदी की अवधि भी तत्काल 15 दिन बढ़ाई जाए। कांग्रेस ने पटवारी हड़ताल समाप्त कराने के लिए सरकार से तत्काल पहल करने की मांग की है।
पत्रकार वार्ता में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, सकलेन कामदार, सुरेन्द्र वर्मा, वंदना राजपूत, श्रीकुमार शंकर मेनन, राजेन्द्र पप्पू बंजारे, जितेंद्र मुदलियार, अशोक राज आहुजा और सत्य प्रकाश सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।