विपक्षी सांसदों का मार्च आगामी हार की स्क्रिप्ट : संजय श्रीवास्तव

Uncategorized

रायपुर। विपक्षी इंडिया गठबंधन द्वारा वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़ी कथित अनियमितताओं के विरोध में 2 अक्टूबर से देशव्यापी अभियान चलाने तथा 6 अक्टूबर को निर्वाचन आयोग के मुख्यालय तक विपक्षी सांसदों के मार्च के फैसले पर छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा की विपक्षी इंडिया गठबंधन निर्वाचन आयुक्त पर आरोप लगाकर भाजपा की जीत एवं जनादेश का अपमान कर रही है ।


संजय श्रीवास्तव ने कहा कि इंडिया गठबंधन मुद्दाविहीन पार्टियों का समूह बनकर रह गया है। उसके इस तरह के राजनीतिक फैसलों से जनता को कोई मतलब नहीं है। विपक्षी दलों को पहले अपने-अपने दलों की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन में शामिल पार्टियां वैचारिक रूप से संक्रमित हो चुकी हैं और जनता को भ्रमित करने की राजनीति कर रही हैं।
उन्होंने निर्वाचन आयोग के खिलाफ विपक्षी नेताओं द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर कहा कि लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक संस्थाओं पर गंभीर आरोप लगाने से पहले विपक्ष को तथ्यों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए।
एसआईआर के संबंध में श्री श्रीवास्तव ने कहा कि उपलब्ध विवरण के अनुसार करीब 13 करोड़ नाम विभिन्न कारणों से चिह्नित किए जाने की बात सामने आई है। इनमें लगभग 2.8 करोड़ मृत मतदाता, करीब 3 करोड़ अनुपस्थित या जिनका पता नहीं चल पाया, लगभग 6.3 करोड़ स्थायी रूप से दूसरी जगह स्थानांतरित मतदाता तथा करीब 1 करोड़ दोहरी प्रविष्टि वाले नाम बताए गए हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस अवैध मतदाताओं के वोट के सहारे चुनाव जीतना चाहती है। वह जनता के बीच जाकर मेहनत करने के बजाय भ्रम फैलाकर चुनाव जीतने का प्रयास कर रही है।
संजय श्रीवास्तव ने कहा कि मतदाता सूची को व्यवस्थित और त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया को राजनीतिक रंग देने के बजाय राजनीतिक दलों को तथ्यों के आधार पर अपनी आपत्तियां और सुझाव निर्वाचन आयोग के समक्ष रखने चाहिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव के लिए मतदाता सूची की शुद्धता महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *